Pratapgarh News-अजगरा के पौराणिक सरोवर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’
Pratapgarh News – Public representatives and officials lit the ‘Lamp of Blessings’ at the ancient pond in Ajgara.
Pratapgarh News-माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से जनपद में आज ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सायंकाल 7 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों एवं आमजनमानस ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपने-अपने घरों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। कार्यक्रम के तहत प्रमुख विकास कार्यों, अवस्थापना परियोजनाओं, सरकारी भवनों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए। इस अवसर पर दीपों की रोशनी के माध्यम से जनसेवा, विकास एवं ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
जनपद के पौराणिक स्थल अजगरा स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल के पौराणिक सरोवर पर विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, एमएलसी प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह एवं ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। इस दौरान अजगरा का पौराणिक सरोवर लगभग 5100 दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा। ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद के प्रमुख धार्मिक, सार्वजनिक एवं विकास स्थलों पर भी विशेष रूप से दीप प्रज्वलित किए गए। इनमें माँ बेल्हा देवी धाम, डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज, अजगरा तालाब, चिलबिला रेलवे स्टेशन, माँ बाराही देवी धाम, कम्पनी गार्डेन, खुयलन धाम, मानिकपुर माँ गंगा घाट, बाबा घुइसरनाथ धाम तथा रामगंज नगर पंचायत कार्यालय प्रमुख रूप से शामिल रहे।



