UP News: कहीं चूहे तो कहीं कॉकरोच! ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान में 6 शहरों के 24 होटल-रेस्त्रां पर बड़ा एक्शन
UP News: ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत यूपी के 6 शहरों में 291 होटल-रेस्त्रां की जांच हुई। 24 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई और 174 को सुधार नोटिस दिया गया।
UP News: उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और होटल-रेस्त्रां में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए चल रहे ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने छह महानगरों में बड़ी कार्रवाई की है। कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर और मुरादाबाद में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच के दौरान कहीं किचन में कॉकरोच मिले तो कहीं चूहे घूमते पाए गए। कई जगहों पर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और खाद्य पदार्थों के गलत भंडारण की शिकायतें भी सामने आईं।
विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक, छह जनपदों में कुल 291 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें से 24 प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन और अन्य विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई है, जबकि 174 प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।
छह शहरों में हुई व्यापक जांच
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने होटल, रेस्टोरेंट और स्टैंडअलोन रेस्टोरेंट की जांच की। इस दौरान किचन की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण, जल निकासी, कीट नियंत्रण और शाकाहारी-मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने जैसी व्यवस्थाओं को जांचा गया। कानपुर नगर में 52, प्रयागराज में 40, अयोध्या में 97, बरेली में 34, गोरखपुर में 34, मुरादाबाद में 60 प्रतिष्ठान में जांच की गई।
कानपुर में पांच प्रतिष्ठानों पर कारोबार बंद
कानपुर नगर में जांच के दौरान पांच प्रतिष्ठानों में गंभीर कमियां मिलीं। विभाग की कार्रवाई के तहत काके की हट्टी रेस्टोरेंट, मॉल रोड; आनंद सैफ्रॉन होटल, हर्ष नगर; द डाइनिंग हाउस, आवास-विकास कल्याणपुर; रेवंत हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड/लिटिल शेफ, सिविल लाइंस और अल समीम फूड कोर्ट, जाजमऊ में कारोबार बंद कराया गया। जांच टीम को इन प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब मिली।
प्रयागराज में किचन और ड्रेनेज व्यवस्था में खामियां
प्रयागराज में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां रसोई और जल निकासी व्यवस्था में खामियां मिलीं। अर्बन रेजीडेंसी होटल, काटजू रोड; शंभूनाथ होटल एंड बैंक्वेट, हैस्टिंग्स रोड और त्रिवेणी एलायंस/त्रिवेणी ग्रैंड, ट्रांसपोर्ट नगर पर कार्रवाई की गई।
गोरखपुर में कई होटलों के लाइसेंस निलंबित
गोरखपुर में भी होटल और रेस्टोरेंट की जांच के दौरान स्वच्छता और खाद्य भंडारण से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। विभाग ने रेडिसन होटल, मोहद्दीपुर; रामकृष्ण होटल, बाईपास रोड; द ब्रायन फ्लेवर्स इन रेस्टोरेंट; चंदन स्वीट हाउस और दुलारवा रेस्टोरेंट, कूड़ा घाट के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की है।
अयोध्या में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और चूहों का मामला
अयोध्या में जांच के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और चूहों के प्रकोप से जुड़े मामले सामने आए। विभाग ने **तिरुपति रेस्टोरेंट, बिरला धर्मशाला, अल हिंद रेस्टोरेंट, मवई, आई एम ओके रेस्टोरेंट, गुलाबबाड़ी, द अरोमा रेस्टोरेंट, डालमिया सैफ्रॉन होटल, प्रथम तल रघुनंदन भवन और एसआर पिक्चर्स/तरंग सिनेमा मॉल समेत कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की।
बरेली में कॉकरोच और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिले
बरेली में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में कॉकरोच और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिलने की जानकारी सामने आई। विभाग ने कृष्णा भोजनालय, स्टेशन रोड और रमाडा होटल, सिविल लाइंस के लाइसेंस निलंबित किए हैं।
मुरादाबाद में वेज-नॉनवेज एक साथ रखने पर कार्रवाई
मुरादाबाद में जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण में भी गंभीर लापरवाही मिली। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ प्रतिष्ठानों के फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ साथ रखे गए थे। इसके अलावा किचन में कीड़े और चूहे भी पाए गए।
विभाग ने लावना एनजीआर, टी प्वाइंट, दिल्ली रोड; टाइम 24, दिल्ली गेट और मोती महल डीलक्स होटल समेत संबंधित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की।
खाद्य प्रतिष्ठानों को विभाग की सख्त चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य भंडारण, कच्चे माल की गुणवत्ता, कीट नियंत्रण, जल निकासी और शाकाहारी-मांसाहारी खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण जैसे मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाएगा।
विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों को मजबूत करना तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना है।



