adevertisment Adevertiisment banner

Gorakhpur News-भैया दूज पर योगी सरकार ने युवाओं और किसान परिवारों को दी बड़ी सौगात

Gorakhpur News: Yogi government presents a major gift to the youth and farming families on the occasion of Bhai Dooj.

Gorakhpur News- भैया दूज के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं और किसान परिवारों को सौगात देकर रोजगार, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को एक बार फिर सामने रखा। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें गोरखपुर के 54 अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 4300 किसान परिवारों के बैंक खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। गोरखपुर के 179 किसान परिवारों को भी पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में दस कनिष्ठ सहायकों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें गोरखपुर की अंकिता सिंह भी शामिल रहीं। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करना अंकिता के लिए गौरव और खुशी का विशेष क्षण रहा। प्रदेश के युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गोरखपुर जिले के कलेक्ट्रेट के 45 और मंडलायुक्त कार्यालय के नौ कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस प्रकार जिले के कुल 54 युवाओं को सरकारी सेवा में काम करने का अवसर मिला है।

योगी सरकार की ओर से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही किसान परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 4300 लाभार्थियों के खातों में 215 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे भेजी। प्रत्येक लाभार्थी परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता दी गई। डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से धनराशि सीधे खातों में पहुंचने से पारदर्शिता और समयबद्ध भुगतान को बढ़ावा मिला है। दुर्घटना के कारण परिवार पर आए आर्थिक संकट के समय यह सहायता उन्हें संबल देने का काम करेगी।

गोरखपुर में भी योजना के तहत 179 किसान परिवारों को लाभान्वित किया गया। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन में ई-डिस्ट्रिक्ट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा और मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा ने लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इस दौरान सहायक सामान्य लिपिक शिव कुमार मौर्य और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से जुड़ी करुणा निधि सिंह ई डिस्ट्रिक मैनेजर नीरज श्रीवास्तव सहित संबंधित लेखपाल मौजूद ।

सरकार की इस पहल से दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक सहारा मिला है। किसान परिवारों के लिए संकट की घड़ी में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, कनिष्ठ सहायकों की नियुक्ति से सरकारी विभागों को नए कर्मचारी मिलेंगे और चयनित युवाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त होगा।

भैया दूज के अवसर पर रोजगार और किसान कल्याण से जुड़ी इन दोनों पहलों ने सरकार के उस दृष्टिकोण को रेखांकित किया, जिसमें युवाओं को अवसर देने के साथ जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने पर जोर है। एक ओर 1146 युवाओं के हाथों में नियुक्ति पत्र पहुंचे, तो दूसरी ओर 4300 किसान परिवारों तक 215 करोड़ रुपये की सहायता पहुंची। गोरखपुर के 54 युवाओं और 179 किसान परिवारों को मिला लाभ जिले के लिए भी बड़ी उपलब्धि है।

Read Also-UP News- सौरभ को गोली मारने वालों पर 10-10 हजार का इनाम, पुलिस की तीन टीमें लगीं

Related Articles

Back to top button