Sports News: वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बने पुरुष टी20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान
Sports News: Vaibhav Suryavanshi makes history, becomes the youngest captain in men's T20 cricket
Sports News:भारतीय क्रिकेट की उभरती प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में इतिहास रच दिया है। वह पुरुष टी20 क्रिकेट के इतिहास में कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। वैभव को जारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में बिहार की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। उन्होंने शनिवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में सौराष्ट्र के खिलाफ एलीट ग्रुप-बी मुकाबले में बिहार की कमान संभाली। बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
वैभव ने इस उपलब्धि के साथ क्रोएशिया के जाक वुकुसिच का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वुकुसिच ने सात अगस्त 2025 को साइप्रस के खिलाफ 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी। इस सूची में पाकिस्तान के तैमूर अली भी शामिल हैं, जिन्होंने 2009 में घरेलू टी20 प्रतियोगिता में क्वेटा बीयर्स की कप्तानी 17 साल और 358 दिन की उम्र में की थी।
इसके अलावा नॉमान अमजद ने जुलाई 2022 में चेक गणराज्य के खिलाफ फ्रांस की कप्तानी की थी। वहीं, लक्ष बड़ाकनिया ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी कर इस सूची में जगह बनाई। इससे पहले बिहार क्रिकेट संघ ने शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी। वैभव को कप्तान और सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है। यह पहली बार है जब वैभव बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने इस फैसले पर कहा, “वैभव ने कम उम्र में ही असाधारण प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता का प्रदर्शन किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें एक क्रिकेटर और नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे बढ़ने का अवसर देगी। हमें उम्मीद है कि वैभव की कप्तानी में टीम अनुशासित, प्रतिस्पर्धी और प्रभावी प्रदर्शन करेगी तथा आगामी सत्र में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।”
वैभव ने इस साल आईपीएल 2026 में भी अपने प्रदर्शन से खूब सुर्खियां बटोरी थीं। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 776 रन बनाए और 237.30 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने पूरे सत्र में 72 छक्के जड़कर नया रिकॉर्ड भी बनाया।
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव को सबसे मूल्यवान खिलाड़ी, उभरते खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट, ऑरेंज कैप और सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। वह महज 15 साल की उम्र में आईपीएल की ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन के नाम था, जिन्होंने 2025 में 23 साल और 231 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। शुभमन गिल ने 2023 में 23 साल और 263 दिन की उम्र में ऑरेंज कैप जीती थी।
Read Also-New Delhi News: राष्ट्रपति ने देशवासियों को छठ पूजा की दी बधाई



