Sonbhadra News-फिटनेस के नाम पर खुली लूट का आरोप: ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन ने एआरटीओ को सौंपा शिकायत पत्र
Sonbhadra News - Allegations of blatant extortion under the guise of 'fitness' checks: Truck Owners' Association submits a complaint letter to the ARTO.
Sonbhadra News-जनपद में वाहन फिटनेस सेंटर द्वारा वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से कई गुना अधिक धनराशि वसूलने का गंभीर आरोप सामने आया है। इसको लेकर सोनभद्र ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) सोनभद्र को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र () में एसोसिएशन ने कहा है कि जनपद में स्थापित फिटनेस सेंटर द्वारा फिटनेस जांच एवं प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर निर्धारित सरकारी शुल्क के अतिरिक्त मनमानी धनराशि की मांग की जा रही है। इससे छोटे-बड़े वाहन स्वामी अत्यंत परेशान और आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है, “वाहन स्वामी पहले से ही डीजल, पेट्रोल, बीमा, टैक्स, मरम्मत एवं अन्य खर्चों के बढ़ते बोझ से परेशान हैं। ऐसी स्थिति में फिटनेस सेंटर द्वारा अतिरिक्त धनराशि की मांग करना वाहन स्वामियों के साथ आर्थिक शोषण के समान है।”
एसोसिएशन ने एआरटीओ से मांग की है कि फिटनेस सेंटर की कार्यप्रणाली एवं शुल्क वसूली की निष्पक्ष जांच कराई जाए, निर्धारित सरकारी शुल्क की सूची सेंटर परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराई जाए, अतिरिक्त वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित सेंटर के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही फिटनेस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और प्रत्येक वाहन स्वामी को जमा धनराशि की विधिवत रसीद उपलब्ध कराई जाए।
एसोसिएशन ने कहा, “वाहन स्वामियों की इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई की जाए, जिससे वाहन स्वामियों को अनावश्यक आर्थिक शोषण से राहत मिल सके।”
शिकायत पत्र पर दिनेश देव पाण्डेय, अंकुर कश्यप, आनंद शंकर दुबे, सुरेश गुप्ता, मनीष सिंह, अभिषेक चौबे, देवेन्द्र कुमार पाठक, आनंद देव पाण्डेय, सुरेन्द्रनाथ चौबे, अविनाश कुमार मिश्रा, सुशील कुमार सिंह, दीपक सिंह, अशोक पासवान, रोहित सिंह, सुनील कुमार चौबे, रंजीत कुमार पाण्डेय, अभिषेक कुमार सिंह, दिनेश कुमार, नीरज यादव, अवनीश कुमार पाण्डेय, सुमेर मौर्या समेत अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से लेकर शासन स्तर तक शिकायत करेंगे। फिलहाल फिटनेस सेंटर संचालक और परिवहन विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है।
Read Also-Sports News-महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: चीन-मलेशिया का मुकाबला 2-2 से ड्रॉ
रिपोर्ट -अमित मिश्रा, सोनभद्र



