Lucknow News- आईआईटी जितना ही आईटीआई के विद्यार्थियों का होगा सम्मान: पीएम मोदी, लखनऊ में 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में हुए शामिल
Lucknow News - ITI students will be accorded the same respect as IIT students: PM Modi; attends the 5th National Skill Convocation in Lucknow
Lucknow News-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश के युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य हैं। आईआईटी हो या आईटीआई, दोनों संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थी देश की अमानत और राष्ट्र निर्माण के मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि आईटीआई के विद्यार्थियों को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, जितना आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलता है।
प्रधानमंत्री शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देशभर के युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश दिया।
आईटीआई के हुनर को विकसित भारत की ऊर्जा बताया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आईटीआई में प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने जो हुनर सीखा है, वह विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि आईआईटी हो या आईटीआई, उनके लिए दोनों संस्थानों के विद्यार्थी देश का सामर्थ्य और भविष्य हैं।
उन्होंने कहा कि देश में ऐसी मानसिकता बन गई है कि आईटीआई में दाखिला लेने वाले बच्चों के अभिभावक भी कई बार रिश्तेदारों को इसकी जानकारी देने में संकोच करते हैं। अब इस सोच को बदलना होगा। कौशल आधारित शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण को समाज में सम्मान मिलना चाहिए।
अंग्रेजों ने कमजोर की थी भारत की कौशल व्यवस्था
प्रधानमंत्री ने भारत की पारंपरिक कारीगरी और कौशल का उल्लेख करते हुए कहा कि आक्रमणकारियों ने सबसे पहले देश की कारीगरी और कौशल व्यवस्था पर प्रहार किया। इसके बाद अंग्रेजों ने ऐसी शिक्षा प्रणाली लागू की, जिसमें कौशल आधारित व्यवस्था पीछे चली गई और कागजी काम करने वाले कर्मचारियों को अधिक महत्व मिलने लगा।
उन्होंने कहा कि अब भारत अपनी पुरानी कौशल परंपरा को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर आगे बढ़ रहा है। भारत विश्व की स्किल कैपिटल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
युवाओं से बोले- बड़े सपने देखिए और हुनर बढ़ाइए
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में तेजी से हो रहे विकास से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। जब कोई युवा हुनर सीखता है तो वह केवल मशीनों पर काम नहीं करता, बल्कि लोगों की जिंदगी आसान बनाने के साथ देश का सामर्थ्य भी बढ़ाता है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे बड़े सपने देखें, अपने कौशल का विकास करें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दें। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की कौशल राजधानी बनने की ओर बढ़ रहा है और युवा इस बदलाव के केंद्र में हैं।
2027 में ग्रेटर नोएडा में होगी वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा।
इस प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के युवा हिस्सा लेने पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन की मेजबानी का अवसर मिलना गौरव की बात है।
52 टॉपर्स समेत 4,200 प्रशिक्षुओं को किया सम्मानित
समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित किया। इसके अलावा 4,200 प्रशिक्षुओं और 209 प्रशिक्षकों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी मौजूद रहे।
सीएम योगी बोले- प्रधानमंत्री नए भारत के शिल्पकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नए भारत का शिल्पकार बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। कौशल विकास योजना युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक युवा आबादी वाला राज्य है। प्रदेश में 17 लाख से अधिक लोगों को कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा 150 से अधिक आईटीआई को नई तकनीक से जोड़ा गया है। युवाओं को आधुनिक समय की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
राजनाथ सिंह ने बताया राष्ट्र निर्माण का आधार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कौशल विकास बेहद जरूरी है। तकनीकी कौशल हासिल करने वाला युवा अपना रोजगार शुरू करने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकता है।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल आत्मनिर्भरता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय सुरक्षा से भी है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी देश की वास्तविक आर्थिक ताकत केवल उसके संसाधनों, पूंजी और तकनीक से तय नहीं होती, बल्कि नागरिकों की क्षमता और उनके कौशल से भी निर्धारित होती है। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में मजबूत स्किल डेवलपमेंट इकोसिस्टम तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि ज्ञान व्यक्ति को समझ देता है, कौशल उसे सामर्थ्य देता है और दोनों का समन्वय उसे आत्मनिर्भर बनाता है।



