Prayagraj News: कार्यकर्ताओं की दम पर भाजपा 2027 का चुनाव एकतरफा जीतेगी : स्वतंत्र देव सिंह
Prayagraj News: Banking on its party workers, the BJP will win the 2027 election decisively: Swatantra Dev Singh
Prayagraj News:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के परिश्रम, जनता के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव एकतरफा जीतेगी। विकास और राष्ट्रवाद के एजेंडे पर भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। यह बातें जिले के प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सभी कार्यकर्ताओं को अभी से जुटना होगा। जनता के बीच जाकर विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करें, क्योंकि विपक्ष के पास जनता का विश्वास जीतने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है।
स्वतंत्र देव सिंह ने मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने मंडलों के बूथ अध्यक्षों और बूथ समितियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें। भाजपा के कार्यकर्ता पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर काम करते हैं। इसी संपर्क और संवाद को और मजबूत करने की जरूरत है।
मतदाता जोड़ो अभियान पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें। नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ छूटे हुए मतदाताओं को भी मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए पूरी मेहनत से काम करें। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बेहद जरूरी है।
बैठक में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, आनंद सोनकर, प्रमोद मोदी, अनुज कुशवाहा, आनंद श्रीवास्तव, अनिल केसरवानी, विजय श्रीवास्तव, कंचनलता, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, विवेक मिश्रा, रामलोचन साहू, अपूर्वा चंद्रा, मनोज श्रीवास्तव, सुमित वैश्य, अनिल मौर्य, दिग्विजय सिंह, श्रवण पाल, भोला सिंह, अवनीश तिवारी और गया प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



