Waste Management: बोतल और गुटखा पैकेट फेंकने पर नहीं मिलेगा रिफंड, दिल्ली में नई व्यवस्था की तैयारी
Waste Management: खरीदारी के समय जमा होगी अतिरिक्त रकम, खाली पैकेजिंग लौटाने पर होगी वापसी
Waste Management: दिल्ली में पानी की प्लास्टिक बोतल, गुटखा और खैनी खरीदने वाले लोगों को जल्द ही उत्पाद की तय कीमत से कुछ अतिरिक्त रकम चुकानी पड़ सकती है। हालांकि, यह पैसा किसी अतिरिक्त शुल्क के रूप में नहीं लिया जाएगा, बल्कि सिक्योरिटी डिपॉजिट होगा। इस्तेमाल के बाद खाली बोतल या पैकेट निर्धारित केंद्र पर लौटाने पर ग्राहक को यह रकम वापस मिल जाएगी। दिल्ली सरकार कचरे पर नियंत्रण और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए डिपॉजिट रिटर्न स्कीम शुरू करने की तैयारी कर रही है।
इस प्रस्ताव के दायरे में प्लास्टिक की PET बोतलों के अलावा गुटखा और खैनी के खाली पैकेट भी लाए जा सकते हैं। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में इस योजना पर चर्चा की। फिलहाल सरकार उन राज्यों में लागू व्यवस्थाओं का अध्ययन कर रही है, जहां इस तरह की योजना पहले से संचालित है।
क्या है डिपॉजिट रिटर्न स्कीम?
डिपॉजिट रिटर्न स्कीम के तहत किसी निर्धारित उत्पाद को खरीदते समय ग्राहक को उसकी वास्तविक कीमत के साथ एक अतिरिक्त राशि भी देनी होती है। यह रकम उत्पाद की पैकेजिंग वापस करने पर लौटा दी जाती है। यानी ग्राहक खाली बोतल या पैकेट को तय कलेक्शन सेंटर अथवा अधिकृत दुकानदार के पास जमा कराकर अपना पैसा वापस ले सकता है।
मसलन, पानी की बोतल खरीदते समय उसकी कीमत के अतिरिक्त कुछ रकम डिपॉजिट के रूप में ली जा सकती है। बोतल खाली होने पर उसे निर्धारित स्थान पर लौटाने से यह राशि वापस मिल जाएगी। इसी व्यवस्था को गुटखा और खैनी के पैकेट पर भी लागू करने का प्रस्ताव है। हालांकि, अभी यह तय नहीं किया गया है कि प्रत्येक बोतल या पैकेट पर कितनी अतिरिक्त रकम ली जाएगी। योजना में किन कंपनियों के उत्पाद शामिल होंगे, इस पर भी अंतिम फैसला होना बाकी है।
कचरा फैलने और प्लास्टिक प्रदूषण पर रोक लगाने की कोशिश
दिल्ली में प्लास्टिक की बोतलों और तंबाकू उत्पादों के खाली पैकेटों को खुले में फेंकना कचरा प्रबंधन के लिए चुनौती बना हुआ है। ऐसे पैकेट और बोतलें सड़कों, नालियों तथा खाली स्थानों पर जमा हो जाते हैं। इससे नालियां अवरुद्ध होने के साथ प्लास्टिक कचरे के जलस्रोतों तक पहुंचने का खतरा भी बना रहता है।
सरकार का मानना है कि खाली पैकेजिंग लौटाने पर पैसे वापस मिलने की व्यवस्था से लोग कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय उसे जमा करने के लिए प्रेरित होंगे। इससे प्लास्टिक और अन्य उपयोगी सामग्री को अलग-अलग एकत्र करने तथा रीसाइक्लिंग के लिए भेजने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा खुले में कचरा जलाने से होने वाले प्रदूषण को कम करने में भी इस योजना से लाभ मिलने की उम्मीद है।
हिमाचल, गोवा और उत्तराखंड की व्यवस्था का अध्ययन
दिल्ली सरकार योजना को अंतिम रूप देने से पहले दूसरे राज्यों में अपनाए गए तरीकों को समझ रही है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश के मॉडल का विशेष रूप से अध्ययन किया जा रहा है। गोवा और उत्तराखंड में भी डिपॉजिट रिटर्न जैसी व्यवस्था लागू है।
सरकार इन राज्यों के अनुभव के आधार पर दिल्ली के लिए ऐसी प्रणाली तैयार करना चाहती है, जिसमें ग्राहक, दुकानदार, उत्पाद बनाने वाली कंपनियां और कचरा संग्रह करने वाली एजेंसियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट हों। पर्यावरण विभाग को एक महीने के भीतर इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्ताव में डिपॉजिट जमा करने, रकम लौटाने, संग्रह केंद्रों और जिम्मेदार एजेंसियों की भूमिका जैसे पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
अभी तय नहीं हुई लागू होने की तारीख
फिलहाल यह योजना विचार और प्रस्ताव तैयार करने के चरण में है। इसे अभी अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि व्यवस्था कब से लागू होगी, ग्राहकों को प्रत्येक उत्पाद पर कितनी अतिरिक्त रकम देनी पड़ेगी और खाली पैकेट या बोतलें किन स्थानों पर जमा कराई जा सकेंगी। विस्तृत प्रस्ताव तैयार होने और सरकार की मंजूरी के बाद ही इन सवालों का जवाब मिल सकेगा।



