adevertisment Adevertiisment banner
Trending

अखिलेश यादव हुए कोरोना संक्रमित, खुद को किया आइसोलेट, ट्वीट कर दी जानकारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी। उन्होंने ट्वीट किया कि अभी-अभी मेरी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। मैंने अपने आपको सबसे अलग कर लिया है व घर पर ही उपचार शुरू हो गया है।

पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आये हैं, उन सबसे विनम्र आग्रह है कि वो भी जांच करा लें। उन सभी से कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहने की विनती भी है। गौरतलब है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को अपनी कोरोना जांच कराई थी। बताया जा रहा है कि वह हल्का बुखार महसूस कर रहे थे।

उन्होंने रविवार को हरिद्वार में श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी से मुलाकात की थी। नरेंद्र गिरी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुलाकात के दौरान नरेंद्र गिरी ने अखिलेश को फूल माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर आशीर्वाद प्रदान किया था।

अखिलेश ने मंगलवार को कोरोना की जांच के बाद स्वास्थ्यकर्मी द्वारा सैंपल लेने की तस्वीर ट्विटर पर डाली और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना भी साधा। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना से जो हाहाकार मचा है उसके लिए भाजपा सरकार को जवाब देना होगा कि उसने कोरोना पर नियंत्रण पाने का झूठा ढिंढोरा क्यों पीटा? टीका, टेस्ट, डॉक्टर, बेड, एंबुलेंस की कमी; टेस्ट रिपोर्ट में देरी व दवाई की कालाबाज़ारी पर भाजपा सरकार चुप क्यों है? उन्होंने पूछा कि स्टार प्रचारक कहां हैं?

Related Articles

Back to top button