Anna Hazare: ‘जनता की आवाज मत दबाइए, बातचीत कीजिए’ : अन्ना हजारे ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी
Anna Hazare: NEET-UG पेपर लीक विवाद और छात्रों के आंदोलन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सरकार से प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ संवाद शुरू करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को दबाने के बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकालना ही सबसे उचित रास्ता है।
अपने पत्र में अन्ना हजारे ने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और हिंसा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को संयम और संवेदनशीलता के साथ स्थिति का समाधान करना चाहिए तथा महात्मा गांधी के संवाद और अहिंसा के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए।
अन्ना हजारे ने यह भी कहा कि यदि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जिम्मेदारी तय होती है, तो उनका इस्तीफा सरकार को कमजोर नहीं बल्कि जवाबदेह और मजबूत संदेश देने वाला कदम होगा। उनके अनुसार, जवाबदेही तय होने से युवाओं का विश्वास बहाल करने में मदद मिलेगी।
यह पत्र ऐसे समय आया है जब NEET-UG पेपर लीक को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी हैं और संसद के मानसून सत्र में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठ रहा है। केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।



