Bank Strike 2026 : पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंककर्मियों का प्रदर्शन, 28 से तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का ऐलान
Bank Strike 2026 : लखनऊ में पांच दिवसीय बैंकिंग और लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। UFBU ने 25 सितंबर को रैली और 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया।

Bank Strike 2026 : पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की लखनऊ जिला इकाई के बैनर तले मंगलवार को बैंक कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। बैंककर्मियों ने काला बैज लगाकर काम किया। इसके बाद स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर राज्य स्तरीय धरना दिया गया और शाम को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों ने विशाल प्रदर्शन किया।
यूएफबीयू के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार की लगातार उपेक्षा के कारण बैंक कर्मचारी आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने समेत अन्य लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
सातों घटकों के बैंक नेताओं ने संभाली आंदोलन की कमान
राज्य स्तरीय धरने में फोरम के सभी सात घटकों के वरिष्ठ बैंक नेताओं ने हिस्सा लिया। इनमें वाईके अरोड़ा, दिनेश कुमार सिंह, अजय पांडेय, एसके संगतानी, लक्ष्मण सिंह, वीके माथुर, संदीप सिंह, अशोक अग्रवाल और सचिन केशरवानी समेत कई बैंक नेता शामिल रहे।
धरने के बाद बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए। बैंक नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों और लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों ने अपनी नाराजगी जताई।
25 सितंबर को रैली, 28 से तीन दिवसीय बैंक हड़ताल
यूएफबीयू के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी के मुताबिक आंदोलन के अगले चरण में 25 सितंबर को स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर प्रदर्शन और रैली आयोजित की जाएगी। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है।
फोरम की ओर से कहा गया है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और अन्य लंबित मुद्दों के समाधान को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।



