Bollywood News: अंतरराष्ट्रीय मंच पर ‘रामायण’ का जलवा, गोल्डन ग्लोब 2027 में मिली जगह
Bollywood News: 'Ramayana' shines on the international stage; secures a spot at the 2027 Golden Globes
Bollywood News:निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: भाग 1’ अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ में शामिल हो गई है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत इस फिल्म को 84वें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स के लिए दो प्रमुख श्रेणियों में जगह मिली है। रिपोर्ट के अनुसार, सोनी पिक्चर्स रिलीजिंग के तहत फिल्म का नामांकन के लिए विचार की जाने वाली फिल्मों की सूची में शामिल किया गया है। इसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म-ड्रामा और सर्वश्रेष्ठ फिल्म-गैर अंग्रेजी भाषा श्रेणी में स्थान मिला है। पांच नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस पौराणिक गाथा के लिए इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म-ड्रामा श्रेणी में ‘रामायण’ का मुकाबला 88 फिल्मों से है। इस सूची में क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’, डेनिस विलेन्यूवे की ‘ड्यून 3’, स्टीवन स्पीलबर्ग की ‘डिस्क्लोजर डे’, ‘बैकरूम्स’, ‘बंकर’ और ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ जैसी फिल्में शामिल हैं। वहीं, सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेजी भाषा फिल्म श्रेणी में इसे ‘अंघ’, ‘एवरीटाइम’ और ‘होप’ सहित 42 फिल्मों से प्रतिस्पर्धा करनी होगी। हालांकि, इन दो श्रेणियों में जगह मिलने के बावजूद फिल्म को संगीत के मोर्चे पर निराशा हाथ लगी है।
दिग्गज संगीतकार एआर रहमान और हंस जिमर के संगीत से सजी ‘रामायण’ सर्वश्रेष्ठ मौलिक संगीत और सर्वश्रेष्ठ मौलिक गीत की श्रेणी में जगह नहीं बना सकी। रिपोर्ट के मुताबिक, मौलिक संगीत के लिए जमा किए गए 100 ट्रैक और मौलिक गीत के लिए चुने गए 51 गानों की सूची में फिल्म का नाम शामिल नहीं है। नमित मल्होत्रा निर्मित इस फिल्म में रणबीर, साई पल्लवी और यश के अलावा रवि दुबे, अरुण गोविल और लारा दत्ता भी अहम भूमिकाओं में हैं।
Read Also-Entertainment News: पंचायत’ फेम जितेंद्र कुमार की नई फिल्म ‘दालिम्ब’ का ऐलान



