UP Politics : ‘2017 से पहले अयोध्या में था दीपक तले अंधेरा’, गोमती उत्सव में सीएम योगी का बड़ा बयान
UP Politics : गोमती उत्सव-2026 में सीएम योगी ने अयोध्या दीपोत्सव, गोमती संरक्षण और ODOP पर बात की। बोले- गोमती लखनऊ की आत्मा, इसकी निर्मलता सबकी जिम्मेदारी।

UP Politics : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान उपद्रव और अराजकता से थी, लेकिन आज प्रदेश उत्सवों के माध्यम से देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। जिस अयोध्या ने पूरी दुनिया को दीपावली का पर्व दिया, वहां 2017 से पहले दीपावली पर कोई विशेष आयोजन नहीं होता था। स्थिति ऐसी थी कि दीपक तले ही अंधेरा था। सरकार बनने के बाद अयोध्या में भव्य दीपोत्सव शुरू कराया गया। आज यह आयोजन वैश्विक पहचान बना रहा है और एक दिन यूनेस्को से भी इसे मान्यता मिलेगी।
मुख्यमंत्री रविवार को गोमतीनगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित ‘गोमती उत्सव-2026’ में बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने गोमती गौरव सम्मान से सम्मानित विभूतियों को बधाई दी और गोमती नदी की अविरलता एवं निर्मलता बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।
‘पहले उपद्रव था, अब उत्सवों से बनी यूपी की पहचान’
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अपराध और अराजकता का माहौल था। सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विचार को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश की सोच और कार्यसंस्कृति में बदलाव किया। पहले जहां उपद्रव की चर्चा होती थी, वहीं अब उत्तर प्रदेश की पहचान उत्सवों से बन रही है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत इसी सोच के साथ की गई थी कि भगवान राम की नगरी में दीपावली का भव्य आयोजन होना चाहिए। इस बार का दीपोत्सव दुनिया के सबसे अच्छे आयोजनों में शामिल रहा। दो दिनों तक अयोध्या धाम देश-दुनिया में चर्चा का केंद्र बना रहा। ऐसे आयोजनों से लोक आस्था, परंपराओं और संस्कृति को वैश्विक पहचान मिलती है।
गोमती लखनऊ की आत्मा, निर्मलता बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमती नदी लखनऊ की आत्मा है। इसकी अविरलता और निर्मलता बनाए रखना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। गोमती उत्सव की शुरुआत नदी को स्वच्छ रखने के संकल्प से होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी सभ्यताएं और संस्कृतियां नदियों के किनारे विकसित हुई हैं। भारत में भी प्रमुख तीर्थ और धार्मिक स्थल नदी तटों पर स्थित हैं। हमारी सभ्यता में नदियों का विशेष महत्व रहा है। गोमती की पवित्र धारा को अविरल बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
सीएम ने बताया कि सरकार ने दिसंबर तक गोमती से संबंधित कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाए जा रहे हैं। अधिकांश एसटीपी का निर्माण पूरा हो चुका है। नदी में गिरने वाले नालों और सीवर को टैप कर एसटीपी तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
‘माताएं-बहनें अपने व्यंजनों से खड़ी कर सकती हैं नेस्ले जैसी कंपनी’
मुख्यमंत्री ने स्थानीय खानपान और पारंपरिक व्यंजनों को आर्थिक विकास का माध्यम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हर जिले का अपना खास खानपान और पारंपरिक स्वाद है। इन्हें गोमती उत्सव जैसे आयोजनों में स्थान मिलना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी भी अपने स्थानीय व्यंजनों और परंपराओं को जान सके।
सीएम योगी ने कहा कि दुनिया की बड़ी खाद्य कंपनियों का कारोबार लाखों करोड़ रुपये में है। नेस्ले जैसी कंपनी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि हमारे यहां की माताएं और बहनें इतने बेहतरीन व्यंजन बनाती हैं कि वे अपने हुनर से ऐसी बड़ी कंपनी खड़ी कर सकती हैं। भारतीय खानपान को दुनिया के सामने सही तरीके से प्रस्तुत किया जाए तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग बढ़ सकती है।
उन्होंने स्थानीय उत्पादों के प्रचार के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ को भी बढ़ावा देने की बात कही। कलाकारों, हस्तशिल्पियों और स्थानीय कारीगरों को ऐसे आयोजनों में मंच और सम्मान मिलना चाहिए।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ के बजाय दिया ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’
सीएम योगी ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ जैसी स्थिति थी, जबकि वर्तमान सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के माध्यम से प्रत्येक जिले के पारंपरिक उत्पादों को पहचान दिलाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि गोमती उत्सव स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, खानपान और लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने का बड़ा मंच बन सकता है। इसमें गोमती संरक्षण के लिए काम करने वाले लोगों, लोककलाकारों, लोकपरंपराओं और लोकगाथाओं को आगे बढ़ाने वाली विभूतियों को भी सम्मानित किया जाना चाहिए।
सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ें, खरीदारी के लिए घर से ले जाएं झोला
मुख्यमंत्री ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण, स्वास्थ्य और पशुओं के लिए गंभीर चुनौती है। खरीदारी के लिए घर से कपड़े का झोला या कैरी बैग लेकर निकलें। जरूरत पड़ने पर दुकानदार से डिस्पोजेबल बैग मांगने के बजाय पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाएं।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक खाने से गायों और दूसरे पशुओं को नुकसान पहुंचता है। नदियों में पहुंचने पर यह जल को दूषित करता है और पानी के प्रवाह में बाधा पैदा करता है। मंदिरों में पूजा-पाठ के बाद प्लास्टिक और कचरा फेंकना भी उचित नहीं है।
सीएम ने गोमती नदी में कचरा और नाले का पानी जाने से रोकने के लिए लोगों से सामूहिक संकल्प लेने को कहा। उन्होंने आयोजन को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग से जोड़कर आगे बढ़ाने और सरकार की ओर से सहयोग देने का भरोसा भी दिया।
गोमती गौरव सम्मान से सम्मानित हुईं विभूतियां
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गोमती गौरव सम्मान प्राप्त करने वाली विभूतियों को बधाई दी। सम्मानित होने वालों में सुनीता मिश्रा, राजेश पांडे, डॉ. सुनीता चंद्रा, जयंत कृष्णा, आत्मप्रकाश मिश्र, विनोद मिश्र, अंबिका प्रकाश वाजपेयी, सुमित रूंगटा, सूर्यमणि सिंह रैकवार, डॉ. आनंद प्रकाश, प्रो. सोनिया नित्यानंद, संदीप तिवारी, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, सुरेश बहादुर सिंह और अतुल अग्निहोत्री शामिल रहे।
इस अवसर पर गोमती उत्सव के मुख्य संरक्षक राजीव मिश्र, समिति अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर के निदेशक सर्वनारायण झा, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, प्रसिद्ध कवि सर्वेश अस्थाना, पार्षद मालती यादव और आत्मप्रकाश मिश्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



