adevertisment Adevertiisment banner

भोपाल के सरकारी बाल चिकित्सालय में लगी आग, चार बच्चों की मौत, सीएम ने जताया खेद

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सरकारी हमीदिया अस्पताल परिसर में कमला नेहरु हस्पिटल की तीसरी मंजिल स्थित शिशु वार्ड (स्पेशल न्यूबार्न केयर यूनिट) में आग लग गई। खासी मशक्‍कत के बाद आग को बुझा लिया गया। इस दौरान वहां भर्ती चार बच्चों की मौत हो गई और अन्य शेष लगभग 36 बच्चों को अन्य सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करके उनका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार अस्पताल की तीसरी मंजिल स्थित शिशु वार्ड के वेंटीलेटर में कल रात लगभग नौ बजे शार्ट सर्किट के कारण आग लगी और देखते ही देखते यह वार्ड के कुछ हिस्सों में फैल गयी। इस वजह से वार्ड के उपकरण इत्यादि जल गए और उसमें धुंआ फैल गया।

इस बीच चिकित्सकों और नर्स आदि की मदद से बच्चों को वहां से हटाकर अन्य स्थान पर सुरक्षित रखने के प्रयास हुए, लेकिन चार शिशुओं को नहीं बचाया जा सका। इन बच्चों की उम्र एक दिन से लेकर नौ दिन तक है। शेष 36 बच्चों को अस्पताल के प्रभावित वार्ड से शिफ्ट कर दिया गया है और सबका इलाज चल रहा है। आग लगने की सूचना पर दमकल कर्मचारी और पुलिस कर्मचारी मय साजो सामान के साथ पहुंचे और आग पर काबू पाया। घटना के कुछ देर बाद परिसर में मीडिया से चर्चा में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा था कि आग पर काबू पा लिया गया है और सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। लेकिन कुछ ही देर बाद खबर आयी कि तीन बच्चों की मृत्यु हुयी है। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गयी।

इस बीच अस्पताल प्रशासन बच्चों की स्थिति पर नजर रखे हुए है। इनमें से लगभग आधा दर्जन बच्चों को बेहतर इलाज के लिए शहर के एक अन्य सरकारी अस्पताल में भेजे जाने की खबर भी है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश देते हुए इसका जिम्मा अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी को सौंपा है। उन्होंने इस घटना पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Related Articles

Back to top button