UP Mau News: मऊ को ₹392 करोड़ की 114 परियोजनाओं की सौगात, CM योगी बोले- अपराधियों के लिए यूपी में जगह नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ में विकास और कानून व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा

UP Mau News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ जनपद के मधुबन क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान ₹392 करोड़ से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कानून व्यवस्था, विकास, माफिया राज और धार्मिक आयोजनों को लेकर विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश बदल चुका है और अब अपराधियों तथा माफियाओं के लिए राज्य में कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने बेटियों, व्यापारियों या आम नागरिकों की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की, तो उसका “सीधे यमराज के घर जाने का रास्ता तय है।”

मऊ के विकास के लिए 114 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ जिले के लिए 114 विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इनमें सड़क, पुल, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और पुलिस विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

38 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनमें सड़क निर्माण, पुल, पेयजल योजनाएं, राजकीय पॉलिटेक्निक, आईटीआई और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जैसी परियोजनाएं शामिल रहीं। वहीं 76 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक और आवास की चाबियां भी वितरित कीं।

सपा सरकार पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2005 में मऊ को दंगे की आग में झोंक दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सत्ता माफियाओं के सामने नतमस्तक थी और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर थी।

उन्होंने कहा कि पहले बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, व्यापारी डर के कारण समय से पहले दुकानें बंद कर देते थे और युवाओं को प्रदेश के बाहर अपनी पहचान छुपानी पड़ती थी।

त्योहारों में बाधा डालने वालों को दी चेतावनी

मुख्यमंत्री ने धार्मिक आयोजनों और त्योहारों का जिक्र करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि और रामलीला जैसे आयोजन पूरी भव्यता के साथ संपन्न हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अगर किसी ने धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डालने की कोशिश की तो उसकी “रावण और कंस जैसी दुर्गति” तय है।

UP Mau: मऊ में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि, संगोष्ठी और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

गरीब, किसान और युवाओं के विकास पर जोर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए गरीब, युवा, महिला और किसान सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज और किसानों को दुर्घटना बीमा का लाभ दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के विकास का सबसे बड़ा रोल मॉडल बन चुका है और निवेश से लेकर कानून व्यवस्था तक हर क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान, ओम प्रकाश राजभर, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधायक राम विलास चौहान समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: एक संदेश, जिला संवाददाता, मऊ

Related Articles

Back to top button