adevertisment Adevertiisment banner

मिशन 2022 : आज से तीन दिन तक उप्र की यात्रा पर रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार से तीन दिन की उत्तर प्रदेश यात्रा पर महोबा, झांसी और लखनऊ आयेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मुताबिक मोदी यात्रा के पहले चरण में बुंदेलखंड में महोबा और झांसी जायेंगे। इस क्रम में दोपहर बाद उनका महोबा पहुंचने का कार्यक्रम है। महोबा में प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहुप्रीक्षित अर्जुन सहायक बांध परियोजना सहित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

इसके बाद शाम को उनका झांसी पहुंचने का कार्यक्रम है। झांसी में वह आज रानीलक्ष्मी बाई की 193वीं जयंती के अवसर पर मनाये जा रहे तीन दिवसीय राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। साथ ही डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरीडोर में 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले झांसी नॉड का भी उद्घाटन करेंगे। गौरतलब है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 17 नवंबर को इस समारोह का उद्घाटन किया था।

इस मौके पर पीएम मोदी और सीएम योगी के अलावा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मौजूद रहेंगी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी झांसी में अटल पार्क के निर्माण की योजना की आधारशिला रखने के साथ झांसी क्षेत्र में पयेजल संकट काे दूर करने के लिये चल रहे जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर नल से जल’ परियोजना का भी शुभारंभ करेंगे।

यात्रा के अगले चरण में मोदी लखनऊ पहुंचेगे। यहां वह पुलिस आयुक्तों के तीन दिवसीय सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इस सम्मेलन का उद्घाटन आज गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के लखनऊ प्रवास के दौरान सुरक्षा इंतजामों की व्यापक तैयारियां की गयी हैं।

Related Articles

Back to top button