New Delhi News-विदेश सचिव मिसरी ने शुरू किया ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान, दिलाई शपथ

New Delhi News – Foreign Secretary Misri launches 'Swachhata Hi Seva' campaign, administers pledge.

New Delhi News- भारतीय विदेश मंत्रालय में स्वच्छता और पर्यावरण चेतना को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने विदेश मंत्रालय मुख्यालय के जवाहरलाल नेहरू भवन (जेएनबी) में आधिकारिक तौर पर ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘स्वच्छता की शपथ’ दिलाई।
इस देशव्यापी अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज के साथ-साथ दैनिक जीवन में भी स्वच्छता को एक स्वभाव और मुख्य संस्कार के रूप में स्थापित करना है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान की शुरुआत की और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को ‘स्वच्छता की शपथ’ दिलाई। इसके तहत, विदेश सचिव ने एमईए मुख्यालय के लॉन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए। उन्होंने स्वच्छता अभियान के लिए श्रमदान में भी एमईए अधिकारियों का नेतृत्व किया।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत विदेश मंत्रालय आगामी दिनों में कई महत्वपूर्ण कूटनीतिक और प्रशासनिक स्तरों पर सफाई अभियान चलाएगा। नई दिल्ली स्थित मुख्यालय के अलावा, देश भर के सभी क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों (आरपीओ) में विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा दुनिया भर में स्थित भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों में भी इस अभियान को चलाया जाएगा, ताकि वैश्विक मंच पर भारत की स्वच्छ छवि को प्रदर्शित किया जा सके।
बता दें कि मंत्रालय पहले भी इस प्रकार की गतिविधियां आयोजित करता रहा है। मंत्रालय इस दौरान अपने कार्यालयों की साफ-सफाई करने के अलावा पुराने दस्तावेजों की छंटनी, डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने, कचरा प्रबंधन और कार्यालय परिसरों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित करता है। यह अभियान आगामी सप्ताहों तक जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य जन-भागीदारी को बढ़ाना और सरकारी दफ्तरों को एक स्वच्छ व हरित कार्यक्षेत्र में बदलना है।

Read Also-Pratapgarh News-कुंडा में पीएम मोदी का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया गया: सीएचसी में फल वितरण व तहसील में हुआ वृक्षारोपण
रिपोर्ट- शाश्वत तिवारी

Related Articles

Back to top button