पीएम मोदी ने बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, जनजातीय दिवस का करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय नेता नायक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा को सोमवार को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने एक संदेश में कहा, “भगवान बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर आदर पूर्ण श्रद्धांजलि। वह स्वतंत्रता आंदोलन को तेज धार देने के साथ-साथ आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव कार्यरत रहे। देश के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”

पीएम मोदी बिरसा मुंडा के जन्मदिन के अवसर पर आज जनजातीय गौरव दिवस समारोहों का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के भोपाल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन आजादी के अमृत महोत्सव समारोह का हिस्सा है। बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस मनाने का निर्णय मंत्रिमंडल ने हाल ही में लिया है।

प्रथम जनजातीय गौरव दिवस समारोह के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कांफ्रेंस के जरिए आज रांची में बिरसा मुंडा संग्रहालय का शुभारंभ करेंगे। सरकार ने 10 जनजातीय नायकों के संग्रहालय स्थापित करने की योजना बनाई है। बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को रांची में हुआ था। उन्होंने रांची केंद्रीय कारागार में 9 जून 1900 को अंतिम सांस ली ।

बिरसा मुंडा शुरू में कैथोलिक ईसाई संप्रदाय से जुड़े थे लेकिन जनजातीय समाज पर उसके दुष्प्रभाव को देखते हुए उन्होंने उससे अपने को अलग किया और जनजातियों को उनके आत्मगौरव और परम्पराओं की श्रेष्ठता की पहचान कराने के अभियान में जुट गए। उन्हें तत्कालीन सरकार के कोप भाजन का शिकार होना पड़ा। वह मुंडा जनजाति समाज के थे। उनके कार्यों, त्याग और साहस को देखते हुए उन्हें उनके समाज के बीच भगवान की तरह पूजा जाने लगा और वह लोकगीतों का हिस्सा भी बन गए।

Related Articles

Back to top button