सीतापुर: पति ने पत्नी पर लगाया जहर देने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
सीतापुर। तंबौर कस्बे में पारिवारिक विवादों में एक विवाहिता ने पति को जहर देकर जान से मारने का प्रयास किया। नाजुक हालत में महिला के पति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। तंबौर कस्बे के मोहल्ला शेखन टोला निवासी रफीक की शादी तीन साल पूर्व में बाराबंकी जिले की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी में कलह थी।
सूत्र बताते हैं कि युवक की पत्नी, सास, ससुर से अलग रहने का दबाव बना रही थी, लेकिन इस बात पर पति तैयार नहीं था। इस बात से नाराज पत्नी ने एक वर्ष पूर्व में पति के विरुद्ध प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन लड़की के मायके पक्ष व लड़के पक्ष के बीच के लोगो ने किसी तरह से विवाद काे शांत करा दिया था। रविवार की शाम को रफीक ने बताया कि जब घर पर लौटा तो उसकी पत्नी ने उसको पानी में कुछ मिलाकर पिला दिया। कुछ समय के बाद रफीक के मुंह से खून की उल्टी होने लगी।
आनन फानन में उसके घर के लोगों ने उसे तम्बौर सीएचसी इलाज के लिए पहुंचाया। हालात गम्भीर होने से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। महिला को हिरासत में लिया गया है। लड़की के मायके पक्ष को सूचित कर दिया है। रफीक पक्ष द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर मिलती है तो आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।