Pratapgarh News: अजगरा महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

Pratapgarh News: Cultural programs enthralled the audience on the second day of the Ajgara Festival

Pratapgarh News:पौराणिक स्थल अजगरा स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पर आयोजित अजगरा महोत्सव-2026 के दूसरे दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासपरक कार्यक्रमों की प्रदर्शनी आमजनमानस द्वारा अवलोकन किया गया। लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अजगरा महोत्सव कार्यक्रम में सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों द्वारा आमजन को विभागीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, पात्रता एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। अधिकारियों ने लोगों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
महोत्सव के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने कार्यक्रम स्थल पर समां बांध दिया। राजकीय बालिका इण्टर कालेज, आइंस्टीन पब्लिक स्कूल लालगंज, संगम इंटरनेशनल स्कूल प्रतापगढ़, ब्राम्ही बालिका इण्टर कालेज लीलापुर, आत्रेय एकेडमी, वीएसएस एकेडमी एवं पुलिन फाउण्डेशन के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में कला, संस्कृति एवं लोक परम्पराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में बिरहा गायक कल्लू निराला ने बिरहा गायन के माध्यम से विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी बेहद रोचक एवं प्रभावी अंदाज में जनसमुदाय तक पहुंचायी। वहीं संस्कृति विभाग की कलाकार शशि यादव ने लोकगायन की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को लोक संस्कृति के रंग से सराबोर कर दिया। इसके अतिरिक्त अन्य कलाकारों द्वारा भी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गयीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। अजगरा महोत्सव के माध्यम से जहां क्षेत्र की समृद्ध पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का भी कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण व अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. मो. अनीस एवं धर्मेन्द्र ओझा द्वारा किया गया।

Read Also-UP News : मां तरकुलहा देवी धाम के प्राचीन पोखरे की सफाई करने वाले युवाओं से मिले CM योगी, सुंदरीकरण का दिया आश्वासन

Related Articles

Back to top button