adevertisment Adevertiisment banner

Rajasthan News-युवा दिवस पर 13 हजार 500 से अधिक युवाओं को मिलेगी नियुक्ति की सौगात

Rajasthan News–मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार देकर उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं में कौशल और उद्यमिता का विकास कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आगामी चार वर्षों में चार लाख सरकारी व 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार सहित कुल 10 लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाएंगे।

शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर युवा दिवस (12 जनवरी) पर युवा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले रोजगार उत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस रोजगार उत्सव में राज्य सरकार युवाओं को 13 हजार 500 से अधिक नियुक्तियां देगी। इनमें चिकित्सा विभाग में सीएचओ के 5 हजार 261, वित्त विभाग में कनिष्ठ लेखाकार के 4 हजार 749, गृह विभाग में कांस्टेबल सहित अन्य के 3 हजार 133, राजस्व विभाग में तहसील राजस्व लेखाकार के 179, शिक्षा विभाग (माध्यमिक) में विविध 159 पद तथा शिक्षा विभाग (प्राथमिक) में अध्यापक लेवल-प्रथम एवं द्वितीय के 76 पदों पर नियुक्तियां शामिल हैं।

31 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकार्यों का होगा शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन 31 हजार 29 करोड़ रुपये के 73 हजार 39 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया जाएगा। जिनमें 20 हजार 212 करोड़ रुपये के 12 हजार 142 कार्यों का शिलान्यास तथा 10 हजार 817 करोड़ रुपये के 60 हजार 897 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इनमें ऊर्जा, सार्वजनिक निर्माण, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, पीएचईडी, कृषि, शिक्षा, पर्यटन, पंचायतीराज तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समारोह के आयोजन की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करना सुनिश्चित करें।
read also-UP News-महाकुम्भ इस देश को जानने का स्वर्णिम अवसर है : कुमार विश्वास
शर्मा ने कहा कि देश और विदेश में कुशल एवं योग्य कार्मिकों की भारी मांग है। इस मांग की पूर्ति में राजस्थान अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वेक्षण के माध्यम से युवाओं की शैक्षणिक और कौशलपरक योग्यता तथा विदेश में काम करने के इच्छुक युवाओं का एक डाटाबेस तैयार किया जाए ताकि देश या विदेश में मानव संसाधन की आवश्यकता वाले उद्योगों एवं कंपनियों को राज्य सरकार के माध्यम से योग्य एवं कुशल कार्मिक उपलब्ध करवाए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्थापित जो भी उद्योग तथा कंपनी रोजगार देने में राज्य के युवाओं को प्राथमिकता देगी उन्हें राज्य सरकार विशेष रूप से प्रोत्साहित करेगी। शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गहन विचार-विमर्श कर इस प्रकार की कार्ययोजना बनाई जाए ताकि निजी क्षेत्रों में काम करने वाले प्रत्येक कार्मिक का पीएफ कटना सुनिश्चित हो तथा उन्हें वेतन का ऑनलाइन भुगतान हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीति और रीति है कि हम हमारे युवाओं को बेरोजगारी के दंश से मुक्त कराकर उनका मनोबल बढाएं ताकि वे नई ऊर्जा के साथ अपने सुखद भविष्य की नींव रख सकें।

Related Articles

Back to top button