Prayagraj News : राजभाषा पखवाड़ा का समापन, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिले पुरस्कार और प्रमाण पत्र

Prayagraj News : आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में राजभाषा पखवाड़ा का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। चार अंतरमहाविद्यालयीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

राजभाषा पखवाड़ा, राजभाषा पखवाड़ा समापन, आर्य कन्या डिग्री कॉलेज, हिन्दी विभाग, राजभाषा पखवाड़ा पुरस्कार, हिन्दी दिवस, हिन्दी प्रतियोगिता, नारा लेखन प्रतियोगिता, कोलाज प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, काव्य पाठ प्रतियोगिता, प्रयागराज समाचार

Prayagraj News : आर्य कन्या डिग्री कॉलेज के हिन्दी विभाग की ओर से आयोजित राजभाषा पखवाड़ा का समापन समारोह पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के शासी निकाय के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से हिन्दी बोलने में किसी तरह की झिझक या संकोच न करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिन्दी के बिना भारत की अर्थव्यवस्था भी अधूरी है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी हिन्दी का चलन बढ़ रहा है।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग के प्रो. राजेश गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा-बोध पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 14 सितंबर केवल एक तारीख नहीं, बल्कि उत्सव का दिवस है। हिन्दी के प्रति गौरव का भाव हमारे आचरण और चरित्र में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव जन-मन की आवाज से आता है।

कॉलेज की प्राचार्या प्रो. अर्चना पाठक ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आर्य कन्या डिग्री कॉलेज महर्षि दयानंद के आदर्शों पर संचालित हो रहा है। हिन्दी ऐसी भाषा है जो पूरे राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य करती है।

चीफ प्रॉक्टर डॉ. रंजना त्रिपाठी ने कहा कि अपनी मातृभाषा का सम्मान करना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

चार प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला सम्मान

राजभाषा पखवाड़े के तहत आयोजित चार अंतरमहाविद्यालयीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।

नारा लेखन प्रतियोगिता के ‘युवा शक्ति’ विषय में दीपाली तिवारी (ए.के.डी.सी.) ने प्रथम, स्वाती भारतीया (जे.टी.जी.डी.सी.) और मुक्ता मिश्रा (ए.के.डी.सी.) ने द्वितीय तथा खुशी (के.पी.टी.सी.) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कोलाज प्रतियोगिता में ‘इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रमुख साहित्यकार’ विषय पर स्वाती सौंधिया (आर.टी.एम.एम.) प्रथम, अक्षिता गौड़ (ए.के.डी.सी.) और वंशिका मिश्रा (जे.टी.जी.डी.सी.) द्वितीय तथा प्राची यादव (ए.के.डी.सी.) तृतीय रहीं।

निबंध प्रतियोगिता में ‘स्त्री शिक्षा के विकास में ज्योतिबा फुले का योगदान’ विषय पर रिया गुप्ता (ए.के.डी.सी.) ने प्रथम, शुभी त्रिपाठी (सी.एम.पी.) ने द्वितीय और राधिका (एस.एस.के.जी.डी.सी.) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

काव्य-पाठ प्रतियोगिता में ‘पिता’ विषय पर खुशी (के.पी.टी.सी.) और वर्षा दुबे (ए.के.डी.सी.) प्रथम, वैष्णवी सिंह (ए.के.डी.सी.) और कोमल वर्मा (जे.टी.डी.सी.) द्वितीय तथा जैनब खान (एस.एस.के.जी.डी.सी.) और ऋचा तिवारी (ए.के.डी.सी.) तृतीय रहीं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मुदिता तिवारी ने किया। समारोह में लॉ डायरेक्टर डॉ. ममता गुप्ता, उप प्राचार्या प्रो. इभा सिरोठिया, डीन प्रो. अंजू श्रीवास्तव सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शोधार्थी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button