adevertisment Adevertiisment banner

सीतापुर: सास के संग घास काटने गई विवाहिता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या

सीतापुर। अपनी सास के साथ जानवरों के लिए घास काटने गई एक महिला की धारदार से काट कर हत्या कर दी गई। उसकी लाश खेत में पड़ी मिली है। घटना के समय मृतका की सास घास लेकर आगे निकल गई थी और विवाहिता पीछे रह गई थी। जब उसकी सास उसे ढूंढने निकली तो लाश पड़ी मिली। कोतवाली देहात में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई। आनन फानन में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

अधिकारियों ने जांच पड़ताल व कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवार के लोगों ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली देहात इलाके के पिपरी कलां गांव निवासी जुगुल किशोर की पैंतीस वर्षीय पत्नी कविता सोमवार को अपनी सास के साथ जानवरों के लिए घास लेने गई थी। गांव से कुछ दूर सास-बहू ने एक साथ घास काट कर एकत्र की। दोनों ने घास की गठरी बनाई।

बताते हैं कि कविता ने अपने सास को घास की गठरी उठवा दी और उसने अपनी गठरी स्वयं उठा ली। इस दौरान उसकी सास कुछ आगे निकल गई थी और कविता पीछे रह गई थी। तभी कविता पर कातिलाना हमला कर उसकी धारदार से काट कर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जब कविता की सास ने कुछ दूर जाने के बाद मुड़ कर देखा तो कविता नजर नहीं आई। उसे कुछ शंका हुई तो वह अपनी घास की गठरी छोड़ कर वापस कविता को देखने पहुंची तो कविता खेत में मृत हालत में मिली।

उसके गले व सिर से खून निकल रहा था। धारदार हथियार के गहरे जख्म थे। घटना के बाद मृतका की सास ने चीख पुकार करते हुए गांव व घर वालों को सूचना दी। लोग मौके पर पहुंचे। वहां भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई। खबर पाकर क्षेत्रीय व कोतवाली पुलिस के अलावा सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना को लेकर सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह का कहना है कि महिला की धारदार से वार कर हत्या की गई है। परिवार के लोगों ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए तीन लोगों को नामजद किया है। तहरीर मिली है। केस दर्ज किया जा रहा है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में दुष्कर्म जैसी कोई बात नहीं है।

Related Articles

Back to top button