Crime News: ट्विशा शर्मा केस में नया खुलासा: AIIMS भोपाल में शव सड़ने का खतरा, परिवार ने मांगा दूसरा पोस्टमार्टम
भोपाल मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने परिवार से जल्द शव ले जाने को कहा है। AIIMS भोपाल में बॉडी डिकंपोज होने की आशंका जताई गई है, जबकि परिवार दिल्ली AIIMS में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहा है।
Crime News: भोपाल की मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। अब इस केस में एक नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने ट्विशा के परिवार को पत्र जारी कर शव को जल्द से जल्द ले जाने की अपील की है। बताया जा रहा है कि भोपाल AIIMS की मोर्चरी में लंबे समय से शव रखे होने के कारण बॉडी के डिकंपोज होने की आशंका बढ़ गई है।
दूसरी तरफ ट्विशा का परिवार मौत की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दिल्ली AIIMS में दोबारा पोस्टमार्टम करवाने पर अड़ा हुआ है। परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज उत्पीड़न और हत्या का मामला है।
क्या होगा दूसरा पोस्टमार्टम?
सूत्रों के मुताबिक, मामले की केस डायरी कोर्ट में पेश की जा चुकी है। अब अदालत के फैसले के बाद ही तय होगा कि ट्विशा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम कराया जाएगा या नहीं।
ट्विशा की मौत 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। शादी को महज पांच महीने ही हुए थे, इसलिए पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?
AIIMS भोपाल की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी या गले में फंदा लगना बताया गया है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि ट्विशा के शरीर पर कई एंटेमॉर्टम चोटें मिली हैं। डॉक्टरों के मुताबिक ये चोटें किसी कुंद वस्तु से लग सकती हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पोस्टमार्टम के दौरान कथित फंदे की सामग्री जांच टीम को नहीं मिली। यानी जिस चीज से फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वह मौके से बरामद नहीं हुई।
FSL और DNA जांच भी जारी
जांच को मजबूत बनाने के लिए ट्विशा के रक्त नमूने, विसरा और ओमेंटल फैट को फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है। इसके अलावा नाखूनों के सैंपल भी DNA जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले कथित तौर पर मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (MTP) कराया गया था। इसी वजह से गर्भाशय की हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच भी की जा रही है।
परिवार ने लगाए हत्या और दहेज उत्पीड़न के आरोप
ट्विशा शर्मा के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार ने पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वहीं आरोपी पक्ष ने इन आरोपों को खारिज किया है। समर्थ सिंह की मां, जो पूर्व जज हैं, को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि पति समर्थ सिंह अब भी फरार बताया जा रहा है।
Bollywood Crime News: पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, किडनैपिंग के 6 दिन बाद नहर में मिला शव
केस बना हाई प्रोफाइल
इस हाई प्रोफाइल केस में अब निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। पूर्व IPS अधिकारी Kiran Bedi भी कह चुकी हैं कि मामले को किसी न्यूट्रल एजेंसी या दूसरी जगह ट्रांसफर करना बेहतर हो सकता है, ताकि जांच पर किसी तरह का सवाल न उठे।
अब सबकी नजर कोर्ट के अगले फैसले पर टिकी है। क्या दिल्ली AIIMS में दूसरा पोस्टमार्टम होगा? क्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आएगी? फिलहाल ये सवाल जांच एजेंसियों और अदालत के सामने हैं।
Written By: Ekta Verma



