adevertisment Adevertiisment banner

कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर सहित दो आतंकवादी मारे गये

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में पुलिसकर्मियों की हत्या और 10 सबसे खूंखार वांछित आतंकवादियों की सूची में शामिल लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा आतंकवादी मारा गया। पुलिस ने बताया कि शनिवार को दक्षिण कश्मीर के अवंतीपुरा उप जिले के पंपोर इलाके में हुयी गोलीबारी में एक अन्य आतंकवादी के साथ आतंकवादी समूह के टॉप कमांडर उमर खांडे मारा गया। द्रंगबाल पंपोर में आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पिछले 15 घंटे में तीसरी बार गोलीबारी हुयी।

पुलिस ने ट्वीट कर लिखा, “ दो आतंकवादी ढेर। हथियार और गोला बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद। छानबीन जारी है…”
गोलीबारी में मारे गये उग्रवादियों में से एक की पहचान खांडे की रूप में हुयी है जिसके बारे में पुलिस ने बताया कि वह श्रीनगर के बघत में दो पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल था। पुलिस ने कहा, “उग्रवादी खांडे जिसने हमारे दो साथी एसजीसीटी मोहम्मद यूसुफ और सीटी सुहैल को श्रीनगर के बघत में चाय पीते वक्त शहीद कर दिया था, आज पंपोर के द्रंगबल में ढेर कर दिया गया।”

एक अन्य ट्वीट में पुलिस ने कहा, “ कई विभिन्न अपराधों में शामिल इन आतंकवादियों को माफ नहीं किया जा सकता है। हम ऐसे आतंकवादियों को खत्म करने के लिये प्रतिबद्ध हैं। आतंकवादी घाटी में अशांति और डर का माहौल पैदा करने की कोशिश करता है। ऐसे अराजक तत्व और उनके नाम समाज से मिटा देना चाहिए।”

इससे पहले, कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि एक तीन मंजिला मकान में दो उग्रवादियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इसी साल अगस्त में खांडे को 10 खतरनाक आतंकवादियों की सूची में शामिल किया गया था। शुक्रवार शाम को दो स्थानीय आतंकवादी पुलवामा और श्रीनगर में दो अलग-अलग मुठभेड़ में मारे गये। पुलिस ने बताया कि दोनों हाल ही में श्रीनगर में एक नागरिक और एक प्रोबेशनरी पुलिस सब इंस्पेक्टर की हत्या में शामिल थे। पुलिस ने कहा,“वे दोनों श्रीनगर में एक दवा दुकानदार और दो शिक्षक की हत्याओं में भी सहयोगी थे।”

Related Articles

Back to top button