UP Assembly Election 2027: यूपी में 2027 चुनाव की तैयारी तेज, रालोद-भाजपा की बैठक, चंद्रशेखर ने 45 विधानसभा प्रभारियों का किया ऐलान
एनडीए ने समन्वय मजबूत करने पर दिया जोर, आजाद समाज पार्टी ने सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति अपनाई
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। जहां एक ओर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने के लिए अहम बैठक की, वहीं दूसरी ओर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने चुनावी तैयारियों को गति देते हुए 45 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की पहली सूची जारी कर दी।
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर ने पहली सूची में अनुसूचित जाति (एससी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), मुस्लिम और सिख समाज से जुड़े नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी का कहना है कि इसका उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और विभिन्न सामाजिक वर्गों में अपनी पकड़ बढ़ाना है।
जारी सूची के अनुसार सीतापुर की सेवता विधानसभा सीट पर अम्बिका मौर्य, मिश्रिख से सौरभ किशोर, हरगांव से विनीता राजवंशी, लखनऊ कैंट से अनिकेत धानुक तथा बाराबंकी की कुर्सी विधानसभा से ज्ञानेंद्र वर्मा को प्रभारी बनाया गया है। पार्टी आने वाले दिनों में अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी प्रभारियों की घोषणा कर सकती है।
वहीं, विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा और रालोद के बीच भी संगठनात्मक समन्वय को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने एनडीए को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में प्रदेश और जिला स्तर पर दोनों दलों के पदाधिकारियों के बीच नियमित संवाद, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और संयुक्त जनसंपर्क अभियान चलाने पर सहमति बनी। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल और अन्य क्षेत्रों में संगठन के विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को उनकी प्रसिद्ध कृति ‘गोदान’ भेंट की। इस अवसर पर रालोद के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी सहित दोनों दलों के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।



