UP News: सावन व कांवड़ यात्रा से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध पूरी करें : ए. के. शर्मा

UP News:उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में ऊर्जा विभाग की योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन माह एवं कांवड़ यात्रा से पहले सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नवीन तकनीकों के माध्यम से विद्युत अवसंरचना को वैश्विक स्तर का स्वरूप देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन मंदिर तथा सर्किट हाउस में रिंग मेन यूनिट (आरएमयू) तकनीक स्थापित की गई है। इस तकनीक के लागू होने से विद्युत वितरण नेटवर्क अधिक सुरक्षित, आधुनिक और प्रभावी बनेगा। उन्होंने बताया कि दो अलग-अलग विद्युत उपकेंद्रों से जुड़ी इस प्रणाली में यदि किसी एक स्रोत से बिजली आपूर्ति बाधित होती है, तो दूसरे स्रोत से तत्काल आपूर्ति शुरू हो जाएगी, जिससे निर्बाध बिजली उपलब्ध रहेगी।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने 16 नए विद्युत उपकेंद्रों (सब-स्टेशनों) के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 14 उपकेंद्रों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनमें से 10 उपकेंद्रों की छत की ढलाई पूरी हो चुकी है और फ्लोरिंग का कार्य चल रहा है। शेष दो उपकेंद्रों के निर्माण में भूमि संबंधी समस्याएं हैं, जिनके समाधान के प्रयास जारी हैं। इस पर मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी बाधाओं का शीघ्र निस्तारण कर निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए।

बैठक में बांस-बल्ली हटाने के अभियान की समीक्षा करते हुए श्री शर्मा ने अधिकारियों को एक माह के भीतर यह कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे विद्युत व्यवस्था और अधिक सुरक्षित तथा विश्वसनीय बनेगी।

ग्रीष्मकाल के दौरान प्राप्त उपभोक्ता शिकायतों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने शिकायतों की प्रकृति और उनके निस्तारण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सावन माह और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दुर्घटना होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Read Also-Pratapgarh News: लेखन व पत्रकारिता की रचनात्मकता से मजबूत होता है सामाजिक एवं राष्ट्रीय सरोकार- पीडी

Related Articles

Back to top button