adevertisment Adevertiisment banner

छह साल में सबसे गर्म रहा नवंबर, औसत अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा

दिल्ली । राजधानी में बीते छह साल में इस साल नवंबर सबसे गर्म दर्ज किया गया। इस माह का औसत अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि औसत 28.2 डिग्री सेल्सियस होता है। मौसम विशेषज्ञों ने इसके लिए मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की कमी को जिम्मेदार बताया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली ने 2021 में औसत अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 2020 में 27.9, 2019 में 28.1, 2018 में 28.5 और 2017 में 27.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा था। स्काईमेट वेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में इस साल की पहली छमाही में मध्यम तीव्रता के तीन पश्चिमी विक्षोभ देखे गए। हालांकि, इनसे उत्तर में पहाड़ी क्षेत्र में भारी बर्फबारी नहीं हुई। महीने के दूसरे भाग में केवल दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ देखे गए। बीते दिनों न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो कि 2020 में दर्ज 6.2 डिग्री सेल्सियस के बाद से महीने में सबसे कम तापमान था। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हवा में नमी का स्तर 41 से 97 फीसदी रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। विभाग के मुताबिक, सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान छह व अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। बदलते मौसम का असर दिल्ली-एनसीआर की हवा पर पड़ रहा है। बीते 24 घंटे में ग्रेटर नोएडा की हवा 404 एक्यूआई के साथ गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई है। वहीं, दिल्ली की हवा 365 एक्यूआई के साथ बेहद खराब श्रेणी में रही। केंद्र की वायु मानक संस्था सफर इंडिया के मुताबिक, बीते 24 घंटे में पीएम 2.5 से छोटे कणों की पीएम 10 में 56 फीसदी हिस्सेदारी रही। पीएम 10 का स्तर 272 व पीएम 2.5 का स्तर 165 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रहा।

Related Articles

Back to top button