US Israel Iran Attack : अमेरिका-इजराइल का ईरान पर हमला, 24 घंटे में 1200 बम गिराए; जानिये अब तक क्या हुआ?

US Israel Iran Attack : अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर 24 घंटे में 1200 बम गिराए। सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने का दावा। ईरान का 9 देशों पर मिसाइल हमला, मध्य-पूर्व में युद्ध जैसे हालात।

US Israel Iran Attack : मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इजराइल और अमेरिका ने पिछले 24 घंटों में ईरान पर 1,200 से अधिक बम गिराने का दावा किया है। इजराइली वायुसेना के अनुसार राजधानी तेहरान सहित 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया गया।

इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने का दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि उनके ऑफिस कॉम्प्लेक्स पर 30 मिसाइलें दागी गईं। उस समय खामेनेई वरिष्ठ कमांडर्स के साथ बैठक कर रहे थे। हमले में उनकी बेटी-दामाद, बहू-पोती समेत 40 कमांडर्स की मौत की खबर है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने देर रात खामेनेई के मारे जाने की घोषणा की। इसके बाद अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी यही दावा दोहराया। ईरानी सरकारी एजेंसियों ‘तसनीम’ और ‘फार्स’ ने भी इसकी पुष्टि की बात कही है।

हमलों में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत और 740 से अधिक के घायल होने की सूचना है। एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 148 छात्राओं की मौत और 45 घायल होने की खबर है।

ईरान का पलटवार: इजराइल समेत 9 देशों को बनाया निशाना

हमले के जवाब में ईरान ने इजराइल पर करीब 400 मिसाइलें दागीं। इसके अलावा कतर, कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, सऊदी अरब और यूएई में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया गया।

ईरान की सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS Abraham Lincoln पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

दुबई में पाम होटल एंड रिसोर्ट और बुर्ज खलीफा के आसपास ड्रोन हमलों की खबर है। बहरीन में भी कई रिहायशी इमारतों को निशाना बनाए जाने की सूचना है।

ईरानी सेना ने इसे “सबसे खतरनाक अभियान” की शुरुआत बताया है।

मुजतबा खामेनेई बन सकते हैं नए सुप्रीम लीडर

रिपोर्ट्स के अनुसार, खामेनेई ने 2024 में अपने दूसरे बेटे मुजतबा खामेनेई को संभावित उत्तराधिकारी के रूप में चुना था। बताया जाता है कि ईरान की एक्सपर्ट असेंबली ने 26 सितंबर 2024 को गोपनीय बैठक में नए सुप्रीम लीडर के नाम पर सहमति बनाई थी। अब खामेनेई की मौत के बाद मुजतबा का नाम प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आ रहा है।

अहमद वाहिदी बने IRGC के नए कमांडर

ईरान ने अहमद वहिदी को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का नया कमांडर नियुक्त किया है। वह पहले रक्षा और गृह मंत्री रह चुके हैं।

पूर्व राष्ट्रपति अहमदीनेजाद की भी मौत का दावा

हवाई हमलों में ईरान के पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद की मौत की भी खबर है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक हमले में उनके करीबी सलाहकार और सुरक्षा में तैनात गार्ड भी मारे गए।

भारत ने जारी की एडवाइजरी

स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने भारतीय नाविकों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जहाजरानी महानिदेशालय ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के निर्देशों का पालन करने को कहा है।

पाकिस्तान में हिंसा, 19 की मौत

पाकिस्तान में भी हालात तनावपूर्ण हैं। कराची स्थित अमेरिकी कॉन्सुलेट में घुसकर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की। पुलिस फायरिंग में 14 लोगों की मौत की खबर है।

गिलगित-बाल्टिस्तान के जोतियाल में सेना की कार्रवाई में 5 लोगों की मौत हुई। स्कर्दू में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

यूपी में हाई अलर्ट, प्रदर्शन शुरू

खामेनेई के मारे जाने की खबर के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

लखनऊ समेत कई जिलों में शिया समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किए। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button