Parliament Protest: संसद परिसर में तीन प्रदर्शन- सपा ने उठाया आलू किसानों का मुद्दा, कांग्रेस-वाम दलों ने भी किया विरोध
Parliament Protest: संसद भवन परिसर में मंगलवार को उस समय अलग ही राजनीतिक तस्वीर देखने को मिली जब एक ही दिन में तीन अलग-अलग विरोध प्रदर्शन हुए। अलग-अलग दलों के सांसद अपने-अपने मुद्दों को लेकर तख्तियां और नारे के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए।
सबसे पहला प्रदर्शन कांग्रेस के निलंबित सांसदों का था, जो बजट सत्र के पहले चरण से लगातार जारी है। लोकसभा से निलंबित सांसद संसद के मकर द्वार की सीढ़ियों पर धरना दे रहे हैं। चूंकि निलंबन के कारण उन्हें सदन में प्रवेश की अनुमति नहीं है, इसलिए वे रोजाना संसद परिसर में ही विरोध दर्ज करा रहे हैं। हाथों में तख्तियां लेकर ये सांसद सरकार के फैसले का विरोध करते दिखे।

दूसरा प्रदर्शन समाजवादी पार्टी के सांसदों का था। इस प्रदर्शन में Dimple Yadav, Dharmendra Yadav, Priya Saroj और Ikra Hasan समेत कई सांसद शामिल हुए। सपा सांसद हाथों में आलू और तख्तियां लेकर नारे लगा रहे थे—“सस्ता आलू, महंगा बालू”। उनका कहना था कि सरकार किसानों को आलू का उचित मूल्य दिलाने में विफल रही है। तख्तियों पर लिखा था—“आलू किसान की सुध ले सरकार” और “किसानों को मत सताओ”।

Also Read: Summer Tips: गर्मियों में मटके का पानी पीना है तो पहले ऐसे करें तैयार, मिलेगा ठंडा और शुद्ध पानी
तीसरा प्रदर्शन वाम दलों और राजद सांसदों का था। इन सांसदों ने महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। प्रदर्शन के दौरान तख्तियों पर लिखा था—“तेल हुआ महंगा, गैस हुई भारी, कहां छुपी है मोदी सरकार” और “जंग ट्रंप की, महंगाई जनता की”। सांसदों ने बढ़ती कीमतों और आम लोगों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

इस तरह संसद परिसर में एक ही दिन में तीन अलग-अलग मुद्दों पर हुए प्रदर्शनों ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी और सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
Written By: Kalpana Pandey



