Crime News: केतन हत्याकांड में जांच तेज, सिया के माता-पिता से घंटों पूछताछ

भाई के बयान के बाद परिवार पर पुलिस का फोकस, मोबाइल फोन FSL भेजे; रिश्तेदारों के बयान भी दर्ज

Crime News: चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच लगातार नए मोड़ ले रही है। पुलिस अब केवल दोनों आरोपियों से पूछताछ तक सीमित नहीं है, बल्कि मामले से जुड़े हर व्यक्ति के बयान दर्ज कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। इसी क्रम में शनिवार को आरोपी सिया गोयल के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल को लोनावाला पुलिस स्टेशन बुलाकर कई घंटे तक पूछताछ की गई। इससे पहले शुक्रवार को सिया के भाई का बयान दर्ज किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, सिया के भाई ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे सिया और चेतन चौधरी के बीच संबंधों की जानकारी थी। अब पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसने इस बारे में परिवार या किसी अन्य व्यक्ति को जानकारी क्यों नहीं दी। इसी पहलू की पुष्टि और घटनाओं की कड़ियां जोड़ने के लिए माता-पिता से भी विस्तृत पूछताछ की गई।

महाराष्ट्र के डिप्टी एसपी गजानन टोम्पे ने बताया कि जांच पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सिया के भाई, माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

पुलिस ने आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेज दिए हैं। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि मोबाइल डेटा, चैट, कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन हिस्ट्री से हत्या की साजिश, उसकी योजना और घटनाक्रम से जुड़े अहम डिजिटल सबूत मिल सकते हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट को इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Crime News: केतन अग्रवाल मर्डर केस! “ये छोटी सोनम है…” राजा रघुवंशी की मां का दर्द छलका, सिया पर बड़ा बयान

गौरतलब है कि युवा रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के आरोप उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित तौर पर केतन को लोहागढ़ किले की ट्रैकिंग के बहाने ले जाकर करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया। घटना के बाद दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड में लिया गया है।

जांच एजेंसियां अब इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि हत्या की साजिश कब और कैसे बनाई गई, इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं तथा परिवार के किसी सदस्य को पहले से कोई जानकारी थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Written By: Ekta Verma

Related Articles

Back to top button