adevertisment Adevertiisment banner

UP News : 19 नवंबर से यूपी में BJP का मतदाता जोड़ो अभियान, योगी बोले- हर पात्र वोटर का नाम जुड़वाएं कार्यकर्ता

UP News : यूपी में 19 नवंबर से भाजपा का मतदाता जोड़ो अभियान शुरू होगा। CM योगी ने महिला, युवा और प्रवासी मतदाताओं के नाम जुड़वाने और वोटर लिस्ट सुधारने के निर्देश दिए।

UP BJP Voter Campaign 2026, योगी आदित्यनाथ मतदाता जोड़ो अभियान, BJP Voter List Campaign, यूपी वोटर लिस्ट पुनरीक्षण, 19 नवंबर से मतदाता अभियान, फॉर्म 6, 7 और 8, पंकज चौधरी, केशव प्रसाद मौर्य, UP BJP News Today, महिला और युवा मतदाता पंजीकरण

UP News : उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं को 19 नवंबर से बूथ स्तर पर युद्धस्तर पर मतदाता जोड़ो अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना उसका संवैधानिक अधिकार है, जबकि अपात्र और दोहरे पंजीकरण वाले नामों को नियमानुसार हटवाना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी है।

शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा की ओर से आयोजित मतदाता जोड़ो अभियान की विशेष कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित होने से बचाना और मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर कराना होना चाहिए। कार्यकर्ताओं को केवल नए नाम जुड़वाने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि सूची का सूक्ष्मता से परीक्षण कराना भी उनकी जिम्मेदारी है।

कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने की। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

फॉर्म-6, 7 और 8 की जानकारी रखें कार्यकर्ता: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं को फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की पूरी जानकारी होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 का इस्तेमाल नए मतदाता का नाम जुड़वाने, फॉर्म-7 का नाम हटाने और फॉर्म-8 का स्थानांतरण अथवा मतदाता सूची में संशोधन के लिए किया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी निभाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार और संबंधित मतदाता की सहमति एवं हस्ताक्षर के साथ भरे जाएं। बीएलओ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को उनके कार्य में सहयोग दिया जाए।

महिला और युवा मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं के मतदाता पंजीकरण में अंतर की एक वजह विवाह के बाद उनका मायके से ससुराल जाना भी है। कई मामलों में महिलाओं का नाम मायके की मतदाता सूची से कट जाता है, लेकिन ससुराल में नाम दर्ज नहीं हो पाता। ऐसी विसंगतियों को दूर करने के लिए कार्यकर्ता विशेष प्रयास करें।

उन्होंने 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम भी मतदाता सूची में जुड़वाने की तैयारी अभी से करने को कहा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, छात्रावासों, मोहल्लों और कोचिंग सेंटरों में युवा मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाए। इसके लिए युवा मोर्चा और विद्यार्थी परिषद को युवाओं से संवाद की जिम्मेदारी दी जाए, जबकि महिला मोर्चा महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान दे।

नोएडा, दिल्ली और दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासियों पर भी फोकस

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में नोएडा, दिल्ली और दूसरे राज्यों में काम करते हैं। ऐसे सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए। इसके लिए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दूसरे राज्यों एवं जिलों में काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों, कर्मचारियों और कामगारों से संपर्क स्थापित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो उसके परिजनों की मदद से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दोहरे पंजीकरण और संभावित फर्जी प्रविष्टियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए आवेदन करने के निर्देश भी दिए।

पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूची में अंतर समझाएं कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री ने पंचायत और विधानसभा चुनावों की मतदाता सूचियों को लेकर फैले भ्रम को दूर करने की भी बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत और स्थानीय निकाय के चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची के आधार पर होते हैं, जबकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची से कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को इस अंतर की जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचानी चाहिए, ताकि किसी तरह का भ्रम न रहे।

विपक्ष पर लगाया मतदाता सूची पुनरीक्षण का विरोध करने का आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल मतदाता सूची के शुद्धीकरण की प्रक्रिया को बाधित करने के लिए प्रोपेगेंडा के माध्यम से भ्रम फैला रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर के बाद 91 लाख नाम हटाए जाने का दावा करते हुए इसे मतदाता सूची की शुद्धता से जोड़ा। उन्होंने बंगाल में दुर्गा पूजा और रामनवमी के आयोजनों का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की याद दिलाई। उन्होंने समाजवादी पार्टी के एक सांसद के कांवड़ यात्रा और दुर्गा पूजा को लेकर दिए गए कथित बयान का जिक्र करते हुए विपक्ष पर प्रदेश को फिर से दंगों और अराजकता की ओर ले जाने का आरोप लगाया।

योगी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हैट्रिक लगाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।

कमल साथी ऐप से मिलेगी अभियान को गति

मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों को 19 नवंबर से बूथ स्तर पर अभियान शुरू करने के निर्देश देते हुए प्रशिक्षण और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएं और अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाए।

कार्यकर्ताओं को कमल साथी ऐप के माध्यम से उपलब्ध सामग्री का इस्तेमाल कर फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाने को कहा गया। उन्होंने नई जनगणना के आधार पर भी मतदाता सूची को देखने और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की आवश्यकता बताई।

पंकज चौधरी बोले- कोई पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। पार्टी कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला सामान्य बैठक नहीं, बल्कि संगठनात्मक संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। पिछले 11 महीनों में प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न अभियानों में परिश्रम कर संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर घर-घर जाकर अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत दर्शाए गए मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों के आवेदन ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से जमा कराए जाएं।

उन्होंने 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के पंजीकरण को प्राथमिकता देने और प्रत्येक बूथ पर महिला वोटर प्रमुख नियुक्त करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब कागजी चर्चा से आगे बढ़कर जमीन पर परिणाम देने का समय है।

केशव मौर्य बोले- अभियान में सभी जनप्रतिनिधि निभाएं जिम्मेदारी

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, ब्लॉक प्रमुख, पार्षद, जिला पंचायत अध्यक्ष और सहकारी संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों को पूरी सक्रियता से जुटना होगा।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें और उन्हें मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें। विशेष रूप से नए और युवा मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए प्रयास किए जाएं।

केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा संगठन की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और उनके परिश्रम में निहित है। प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का बारीकी से परीक्षण किया जाए। पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने, त्रुटियों में सुधार कराने और नियमानुसार अपात्र प्रविष्टियों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

कार्यशाला में प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, भाजपा मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button