adevertisment Adevertiisment banner

UP News : UP में शुरू होगी ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ योजना, योगी बोले- हर जिले की कला को मिलेगा वैश्विक मंच

UP News : UP में ODOP की तर्ज पर वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट योजना को बढ़ावा मिलेगा। CM योगी ने हर जिले की कला को मंच देने और संगीत नाटक अकादमी के खाली पद भरने के निर्देश दिए।

One District One Art UP, वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट योजना, योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान, UP ODOP Scheme, UP Culture News, संगीत नाटक अकादमी लखनऊ, धरोहर कार्यक्रम 2026, उत्तर प्रदेश लोक कला, यूपी की पारंपरिक कला, One District One Art Scheme

UP News : उत्तर प्रदेश में अब हर जिले की विशिष्ट कला और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन (ODOC) की तर्ज पर प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ कार्यक्रम को बढ़ावा देने का आह्वान किया है। उन्होंने संस्कृति विभाग और प्रदेश की सभी अकादमियों को निर्देश दिया कि इस पहल को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक जिले की पारंपरिक कला, संगीत और लोक संस्कृति को आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोमती नगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति को मिटाने के लिए तलवार से लेकर मानसिक गुलामी तक के प्रयास हुए, लेकिन देश की सनातन संस्कृति और लोक कलाओं ने हर चुनौती के बीच अपनी पहचान बनाए रखी।

हर जिले की कला को मिलेगा मंच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट कार्यक्रम आज देश और दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है। इस पहल से प्रदेश का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा है। इसी तरह वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन में भी अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि अब वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जिले की विशिष्ट कला और सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। इसके तहत स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराया जाए और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संगीत और संस्कृति की आध्यात्मिक शक्ति का अहसास दुनिया को कराएं।

मानसिक गुलामी भी नहीं मिटा सकी भारत की संस्कृति

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया की तमाम प्राचीन सभ्यताएं और संस्कृतियां समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन भारत की सांस्कृतिक विरासत आज भी जीवंत है। इसके पीछे हमारी लोक परंपराओं, संगीत, कला और गुरु-शिष्य परंपरा की बड़ी भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी देश की अनेक लोक कलाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की उपेक्षा हुई। संस्कृति की उपेक्षा का अर्थ केवल किसी कला का समाप्त होना नहीं है, बल्कि अपनी पहचान और इतिहास के महत्वपूर्ण अध्यायों को खो देना भी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए अपनी विरासत पर गर्व करना जरूरी है। राज्य सरकार काशी, अयोध्या, मथुरा और ब्रज क्षेत्र के सांस्कृतिक केंद्रों को नई पहचान दिलाने के लिए काम कर रही है। दीपोत्सव और देव दीपावली जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिला रहे हैं।

AI और तकनीक अपनाएं युवा, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहें

युवा कलाकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल माध्यम और आधुनिक तकनीक का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। ऐसे में युवाओं को नए प्रयोग करने चाहिए और अपनी प्रतिभा को वैश्विक मंच तक पहुंचाना चाहिए।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक के इस्तेमाल के दौरान अपनी माटी की सुगंध, लोक धुनों, गुरु की सीख और सांस्कृतिक जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। तकनीक का उद्देश्य जीवन को सरल बनाना है, न कि सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक संबंधों को कमजोर करना।

संगीत नाटक अकादमी के खाली पद तत्काल भरने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में मानव संसाधन की कमी पर गंभीरता दिखाई। उन्होंने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को निर्देश दिया कि अकादमी में रिक्त पदों को तत्काल भरा जाए।

योगी ने कहा कि इसके लिए बोर्ड या कमेटी गठित कर चयन प्रक्रिया पूरी की जाए। जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट भी दी जाए, लेकिन अकादमी में पद लंबे समय तक खाली नहीं रहने चाहिए।

उन्होंने कार्यक्रम में लुप्तप्राय पारंपरिक वाद्ययंत्रों विचित्र वीणा, सारंगी और पखावज की प्रस्तुतियों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कलाकारों की प्रतिभा यह भरोसा दिलाती है कि भारत की सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित हाथों में है।

शिव के डमरू, कृष्ण की बांसुरी और मां सरस्वती की वीणा का किया उल्लेख

भारतीय संगीत की आध्यात्मिक महत्ता पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि परमात्मा की आराधना का मार्ग भी है। भगवान शिव के डमरू से माहेश्वर सूत्रों की उत्पत्ति, योगेश्वर श्रीकृष्ण की बांसुरी और मां सरस्वती की वीणा भारतीय संगीत परंपरा की आध्यात्मिक गहराई को दर्शाते हैं।

उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के योगदान को याद करते हुए पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर जैसी महान विभूतियों को नमन किया। इसके साथ ही ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा जैसी लोक कलाओं का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परंपराओं ने पीढ़ी दर पीढ़ी भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा को जीवित रखा है।

संगीत नाटक अकादमी के पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर 1963 को स्थापित अकादमी संगीत, नृत्य, नाटक और लोक कलाओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने अकादमी और कथक केंद्र के कर्मचारियों की सुविधाएं बढ़ाने तथा रिक्त पदों को भरने की आवश्यकता उठाई। प्रोफेसर खोत ने अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के कलाकारों में उत्साह बढ़ेगा।

स्थापना दिवस समारोह के तहत राज्य कला संग्रहालय और ललित कला अकादमी की विशेष प्रदर्शनी के साथ रंगोली भी लगाई गई।

विचित्र वीणा, सारंगी और बांसुरी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन हुआ और संगीत नाटक अकादमी की 63 वर्षों की यात्रा पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम में प्रतियोगिता के विजेता शिवांश सिंह ने विचित्र वीणा, अंशुल तुकवार ने सारंगी, सोहम मिश्र ने तबला, वैभव रामदास ने पखावज और अथर्व प्रताप सिंह ने बांसुरी पर प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर अकादमी अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह और अपर मुख्य सचिव संस्कृति अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन समेत कला एवं संस्कृति जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button