Trump Assassination Threat: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की रची गई साजिश, रिपोर्ट में चौंकाने वाला दावा

Trump Assassination Threat: रिपोर्ट के मुताबिक इज़राइल ने अमेरिका के साथ ऐसी नई खुफिया जानकारी साझा की है, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप की कथित हत्या की ईरानी साज़िश का दावा किया गया है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Trump Assassination Threat: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर दावे सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इज़राइल ने अमेरिका के साथ नई खुफिया जानकारी साझा की है, जिसमें ट्रंप की कथित हत्या की एक नई ईरानी साज़िश का संकेत मिलने का दावा किया गया है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यदि यह जानकारी सही साबित होती है तो यह ऐसे समय में सामने आई है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव पहले से ही काफी बढ़ा हुआ है।

कासिम सुलेमानी की मौत के बाद से बढ़ा तनाव

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान लंबे समय से इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की कुद्स फोर्स के पूर्व कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या का बदला लेने की बात करता रहा है। सुलेमानी की जनवरी 2020 में तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत हुई थी।

इज़राइल ने अमेरिका को दी नई चेतावनी

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, इज़राइल ने इस सप्ताह अमेरिकी अधिकारियों को एक नई चेतावनी दी, जिसमें ट्रंप के खिलाफ एक विशेष कथित साज़िश का उल्लेख किया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियां पिछले कुछ सप्ताह से ट्रंप की सुरक्षा से जुड़े संभावित खतरों पर लगातार निगरानी रख रही थीं।

हालांकि, कुछ अमेरिकी अधिकारियों का यह भी मानना है कि इज़राइल का यह खुफिया आकलन अमेरिका की ईरान नीति और संभावित सैन्य फैसलों को प्रभावित करने का प्रयास भी हो सकता है।

ट्रंप ने खुद भी जताया जान का खतरा

हाल ही में तुर्की की राजधानी अंकारा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें निशाना बनाए जाने की कोशिश हो सकती है और उनका नाम कथित तौर पर कई सूची में शामिल है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अब तक वह “भाग्यशाली” रहे हैं, लेकिन भविष्य को लेकर निश्चित नहीं हैं।

ईरान नीति को लेकर ट्रंप और नेतन्याहू के बीच मतभेद

रिपोर्टों के अनुसार, हाल के सप्ताहों में ट्रंप और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच ईरान को लेकर रणनीति पर मतभेद देखने को मिले हैं।

जहां नेतन्याहू ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखने के पक्षधर बताए जा रहे हैं, वहीं ट्रंप लंबे समय तक चलने वाले संघर्ष से बचने की बात कर रहे हैं। उनका मानना है कि व्यापक युद्ध का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।

फोन पर हुई दोनों नेताओं की बातचीत

इज़राइली प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, गुरुवार को ट्रंप और नेतन्याहू के बीच फोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा और आपसी समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई। साथ ही खाड़ी क्षेत्र की ताजा स्थिति पर भी चर्चा की गई।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

फिलहाल ट्रंप की हत्या की कथित नई साज़िश को लेकर न तो अमेरिकी प्रशासन और न ही ईरानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है। ऐसे में इस रिपोर्ट को स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया जाना बाकी है। स्थिति पर दोनों देशों की एजेंसियों और सरकारों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button