adevertisment Adevertiisment banner

कुलगाम में आतंकी हमला: दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर फायरिंग, एक की मौत; इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर फायरिंग की। एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार रात आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इस हमले में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह हमला कुलगाम के केल्लम इलाके में हुआ, जहां दोनों मजदूर काम कर रहे थे। आतंकियों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचीं तथा पूरे क्षेत्र को सील कर तलाशी अभियान शुरू किया।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। शुरुआती जांच में इसे लक्षित आतंकी हमला माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा रही हैं।

पाकिस्तान की गतिविधियों पर भी नजर

इस घटना के बीच सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार से होने वाली गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखे हुए हैं। इसी दिन जम्मू के खौड़ सेक्टर में भारतीय सेना ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी निगरानी ड्रोन को मार गिराया। अधिकारियों के अनुसार, यह ड्रोन सेना के संवेदनशील ठिकानों के पास उड़ान भर रहा था।

जांच में ड्रोन से 64GB का मेमोरी कार्ड बरामद हुआ है, जिसमें नियंत्रण रेखा (LoC) के आसपास भारतीय सेना की तैनाती और महत्वपूर्ण स्थानों से जुड़ी तस्वीरें व वीडियो होने की बात सामने आई है। सेना ड्रोन और मेमोरी कार्ड की फॉरेंसिक जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button