‘भारत-नेपाल संबंधों को नई मजबूती’, मोदी ने घोषित किया 15 हजार करोड़ का आर्थिक पैकेज, आठ समझौतों पर हस्ताक्षर
भारत और नेपाल के बीच आठ अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। पीएम मोदी ने नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज देने की घोषणा की। अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा और लखनऊ-नेपाल हवाई संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।

नई दिल्ली। भारत और नेपाल ने अपने सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक रिश्तों को नई मजबूती देते हुए आर्थिक, सामरिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में कई अहम फैसले किए हैं। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में भारत ने नेपाल के लिए 15 हजार करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा की। दोनों देशों के बीच आठ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। साथ ही हवाई, रेल और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने से जुड़ी परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया गया।
द्विपक्षीय वार्ता के बाद साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-नेपाल के रिश्तों को साझा इतिहास, संस्कृति, आस्था और परंपराओं पर आधारित बताया। वर्ष 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।’ मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा का स्वागत करते हुए दोनों देशों की मित्रता को और व्यापक बनाने का संकल्प जताया।
वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भारत के साथ संबंधों को विशेष महत्व देते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, परिवहन और सीमा पार संपर्क परियोजनाओं को गति देने पर सहमति जताई।
15 हजार करोड़ के पैकेज से नेपाल के विकास को मिलेगी गति
भारत की ओर से घोषित 15 हजार करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज का उद्देश्य नेपाल की विकास परियोजनाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। इसमें अनुदान और रियायती कर्ज दोनों शामिल हैं। हालांकि, दोनों मदों में कितनी-कितनी राशि दी जाएगी, इसका विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है। अनुदान राशि नेपाल को वापस नहीं करनी होगी, जबकि रियायती कर्ज निर्धारित ब्याज के साथ चुकाना होगा। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के साथ विकास संबंधी जरूरतों को पूरा करने में यह सहायता महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
भारत और नेपाल के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ (बी-345) हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में खोलने पर सहमति बनी है। इससे भारत से नेपाल जाने वाले विमान भैरहवा के रास्ते काठमांडू तक पहुंच सकेंगे। इस फैसले से उत्तर प्रदेश और नेपाल के बीच हवाई संपर्क बेहतर होने के साथ पश्चिमी नेपाल के गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
हालांकि, महेंद्रनगर (एल-626) हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में खोलने पर अभी सहमति नहीं बन पाई है। विमानों की उड़ान ऊंचाई से जुड़े मुद्दों पर दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है।
आठ समझौतों से कई क्षेत्रों में बढ़ेगा सहयोग
भारत और नेपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। इनमें फॉरेंसिक विज्ञान, पुलिस एवं प्रशासनिक प्रशिक्षण, आयुर्वेद, सैटेलाइट संचार, शहरी विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा भारत ने नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देने का फैसला किया है। इससे नेपाल को समुद्री व्यापार के लिए बेहतर विकल्प मिलेंगे और आयात-निर्यात के लिए तीसरे देशों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच सैटेलाइट संचार नेटवर्क विकसित करने पर भी सहमति बनी है।
छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का उद्घाटन
सीमा पार आवागमन और व्यापार को आसान बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया। यह पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला को नेपाल के दार्चुला से जोड़ेगा।
पुल शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। इससे स्थानीय लोगों की आवाजाही के साथ सीमा पार व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा बनबसा में एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला रखी गई।
28 नवंबर से अयोध्या-जनकपुर के बीच चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं से चलेगी। इससे भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को रामलला और माता जानकी के दर्शन के लिए सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने इस रेल सेवा को साझा धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। करीब 100 मिनट तक चली द्विपक्षीय बैठक में दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, विकास और संपर्क परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की।



