adevertisment Adevertiisment banner

UP News : सरयू-कमला एक्सप्रेस से मजबूत होंगे भारत-नेपाल के रिश्ते, रामलला और माता जानकी के दर्शन के लिए मिलेगी सीधी रेल सुविधा

UP News : सीएम योगी ने सरयू-कमला एक्सप्रेस को भारत-नेपाल की साझा विरासत का प्रतीक बताया। अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से रामलला और माता जानकी के दर्शन, पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

सरयू-कमला एक्सप्रेस, अयोध्या जनकपुर ट्रेन, भारत नेपाल रेल सेवा, सीएम योगी आदित्यनाथ, अयोध्या से जनकपुर रेल संपर्क, सरयू-कमला एक्सप्रेस शुभारंभ, रामलला और माता जानकी दर्शन, भारत नेपाल सांस्कृतिक संबंध, सीतामढ़ी पुनौरा धाम, रामायण सर्किट रेल सेवा, सरयू-कमला एक्सप्रेस, योगी आदित्यनाथ, अयोध्या न्यूज, जनकपुर धाम, भारत नेपाल संबंध, रामलला, माता जानकी, सीतामढ़ी, रेलवे न्यूज

UP News : अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को अब रेल संपर्क के जरिए नई मजबूती मिलेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंचने की सुविधा देने के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के विजन का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा केवल दो धार्मिक नगरों को जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि भारत-नेपाल की चिरस्थायी मित्रता, साझा आस्था और आर्थिक संबंधों को नई गति देने वाली पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित जनकपुर की भूमि का संबंध हजारों वर्षों पुराना है। इस रेल सेवा से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारतीय भक्तों को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या और मिथिला का रिश्ता राम-जानकी परंपरा में रचा-बसा है। इसे ‘रोटी-बेटी का रिश्ता’ भी कहा जाता है।

राम-जानकी परंपरा से जुड़ी है भारत-नेपाल की सांस्कृतिक विरासत

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान श्रीराम और माता जानकी का विवाह दोनों देशों के बीच आत्मीय संबंधों का आधार है। महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का मिथिला जाना तथा विवाह के बाद महाराजा दशरथ की बारात का अयोध्या से जनकपुर पहुंचना आज भी दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक स्मृतियों में जीवंत है। विवाह पंचमी सहित कई पारंपरिक आयोजनों में इस प्रसंग को उत्सव के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन के रूप में विशेष सम्मान दिया जाता है। जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में विवाह पंचमी का आयोजन होता है तो अयोध्या में भी मंगल गीत गूंजते हैं। मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में नेपाल के संतों, युवाओं और श्रद्धालुओं के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु मंगल उपहार लेकर अयोध्या पहुंचे थे।

पशुपतिनाथ से काशी विश्वनाथ और लुंबिनी से कुशीनगर तक आध्यात्मिक जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के बीच साझा धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर और काशी के बाबा विश्वनाथ धाम के बीच सदियों पुराना जुड़ाव है। उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु पीढ़ियों से मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ की यात्रा करते रहे हैं। गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति पर नेपाल से भेजी गई खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा और चैत्र नवरात्र में नेपाल से देवीपाटन शक्तिपीठ पहुंचने वाले श्रद्धालु दोनों देशों की साझा आस्था को प्रदर्शित करते हैं।

उन्होंने भगवान बुद्ध की विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ, जबकि उनके जीवन और धर्म से जुड़े कई महत्वपूर्ण स्थल उत्तर प्रदेश में हैं। कपिलवस्तु-पिपरहवा, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर इस साझा विरासत के प्रमुख केंद्र हैं। मुख्यमंत्री ने जुलाई 2025 में भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों की 127 साल बाद हांगकांग से भारत वापसी को भी महत्वपूर्ण बताया।

‘पड़ोसी प्रथम’ नीति से बढ़ रहा सड़क, रेल और व्यापारिक संपर्क

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और नेपाल की खुली सीमा आपसी विश्वास का अनूठा उदाहरण है। दोनों देशों के बीच प्रतिदिन हजारों लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए आवागमन करते हैं। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जिले नेपाल के साथ करीब 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत सड़क, रेल, डिजिटल, ऊर्जा और व्यापारिक संपर्क को विस्तार दिया जा रहा है। सरयू-कमला एक्सप्रेस इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जनकपुर से जनकपुर-अयोध्या बस सेवा शुरू किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि अब रेल सेवा से दोनों धार्मिक नगरों के बीच संपर्क और व्यापक होगा।

रुपईडीहा से सोनौली तक सीमा क्षेत्रों में विकसित हो रहा बुनियादी ढांचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि रुपईडीहा में नेपाल सीमा पर प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है। भारत से नेपाल को होने वाले निर्यात का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से होता है। रुपईडीहा के आसपास औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। लखनऊ-रुपईडीहा कॉरिडोर के तहत बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे बनने से रुपईडीहा से नेपालगंज तक यात्रा का समय लगभग आधा होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि रुपईडीहा-नेपालगंज क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के रास्ते ब्रॉडगेज और विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। वहीं, सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण भी आगे बढ़ रहा है। यहां कार्गो टर्मिनल, पब्लिक टर्मिनल और वेयरहाउस जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने 1,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नेपाल सीमा से सिद्धार्थनगर और बस्ती होते हुए प्रयागराज तक फोरलेन कॉरिडोर विकसित करने की योजना है। इसके अलावा प्रस्तावित 750 किलोमीटर लंबे छह लेन के गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर तक जाने वाले श्रीराम-जानकी मार्ग से भी संपर्क सुविधाएं बढ़ेंगी।

सीतामढ़ी के पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी ट्रेन

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस मां जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी से होकर गुजरेगी। यहां पुनौरा धाम में माता सीता को समर्पित भव्य मंदिर और आध्यात्मिक नगरी का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को भी विस्तार देने में सहायक होगी।

योगी ने कहा कि कभी उपेक्षा का सामना करने वाली अयोध्या आज आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ विकसित हो रही है। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से अयोध्या को देश-दुनिया से जोड़ा गया है। रेल नेटवर्क का विस्तार होने के साथ यहां वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का संचालन भी हो रहा है।

10 स्टेशनों पर ठहराव, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर सरयू-कमला एक्सप्रेस का ठहराव होगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन, होटल व्यवसाय, स्थानीय हस्तशिल्प और परिवहन क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से हजारों रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने जनकपुर की मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिलाओं का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि रेल सेवा स्थानीय हस्तशिल्प को नए बाजारों तक पहुंचाने और महिला कारीगरों के आर्थिक सशक्तीकरण में भी मददगार होगी। उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस दोनों देशों के नागरिकों के बीच जनसंपर्क और आपसी विश्वास बढ़ाने के साथ साझा सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाएगी।

कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहे। अयोध्या में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह सहित जनप्रतिनिधि और रेलवे के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button