adevertisment Adevertiisment banner

UPPSC APO भर्ती 2025 : इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट किया रद्द, 2020 का OM भी निरस्त

UPPSC APO भर्ती 2025 : इलाहाबाद हाईकोर्ट ने APO प्रारंभिक परीक्षा 2025 का रिजल्ट और UPPSC का 9 जनवरी 2020 का कार्यालय ज्ञापन रद्द कर दिया। आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार कर मेन्स परीक्षा कराने का निर्देश दिया गया है।

UPPSC APO Prelims Result 2025, UPPSC APO Recruitment 2025, Allahabad High Court News,UPPSC APO Mains Exam, UPPSC Office Memorandum 2020, UPPSC APO Latest News, UPPSC Result Cancelled, UPPSC Reservation Rules, UPPSC APO Result 2025

UPPSC APO भर्ती 2025 : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती 2025 को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने APO प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम रद्द करने के साथ ही आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन (Office Memorandum) को भी निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने आयोग को नए सिरे से प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट लिस्ट तैयार करने और उसके आधार पर मुख्य परीक्षा कराने का निर्देश दिया है।

जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि अनारक्षित यानी ओपन श्रेणी किसी एक वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित नहीं है। इसमें सामान्य वर्ग के साथ-साथ आरक्षित श्रेणियों के वे अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं, जो अपनी मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त करते हैं।

मेरिट वाले आरक्षित अभ्यर्थियों को ओपन श्रेणी में मिले मौका

अदालत के सामने आयोग के हलफनामे में प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक, APO भर्ती में 321 OBC और 43 SC अभ्यर्थियों ने अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक हासिल किए थे। इसके बावजूद इन अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी की मेरिट सूची में शामिल नहीं किया गया और उन्हें उनकी मूल आरक्षित श्रेणियों में ही रखा गया।

आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की छंटनी में भी इसी प्रक्रिया का पालन किया था। हाईकोर्ट ने इस व्यवस्था को संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 के तहत समानता के अधिकार के विपरीत माना।

प्रीलिम्स भी चयन प्रक्रिया का अहम हिस्सा

जस्टिस मनीष कुमार निगम ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा भले ही मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की छंटनी का माध्यम हो, लेकिन चयन प्रक्रिया में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलता है।

इसलिए मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में स्थान पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को इससे बाहर नहीं रखा जा सकता। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि आरक्षण नीति और उससे जुड़े नियम निर्धारित करना राज्य सरकार तथा विधानमंडल का अधिकार है। आयोग को इस संबंध में अपने स्तर पर नियम बनाने का अधिकार नहीं है।

2020 का कार्यालय ज्ञापन भी रद्द

हाईकोर्ट ने UPPSC के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन (OM) को भी अधिकार क्षेत्र से बाहर जारी किया गया मानते हुए निरस्त कर दिया। अदालत के अनुसार, आरक्षण व्यवस्था से संबंधित नियम तय करने का अधिकार आयोग के पास नहीं है।

अब नए सिरे से तैयार होगी मेरिट लिस्ट

अदालत ने 30 अप्रैल 2026 को घोषित UPPSC APO प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को रद्द कर दिया है। साथ ही आयोग को निर्देश दिया है कि वह लागू नियमों के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट सूची दोबारा तैयार करे। संशोधित मेरिट सूची के आधार पर मुख्य परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाए।

2856 अभ्यर्थियों को घोषित किया गया था सफल

UPPSC की यह भर्ती कुल 182 पदों के लिए आयोजित की जा रही है। आयोग ने 30 अप्रैल 2026 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया था, जिसमें कुल 2856 अभ्यर्थियों को सफल घोषित करते हुए मुख्य परीक्षा के लिए योग्य पाया गया था।

इस मामले में सितंबर 2026 में हाईकोर्ट ने अंतिम फैसला आने तक मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी। अब प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम ही निरस्त होने के बाद भर्ती प्रक्रिया पर नए सिरे से आगे बढ़ना होगा।

Related Articles

Back to top button