adevertisment Adevertiisment banner

Business News: चीन की ‘रफ’ चाल से सूरत के हीरा बाजार में खलबली: एचपीएचती डायमंड में 10 फीसदी भाव बढ़ने से पॉलिश हीरे होंगे महंगे

Business News: China's 'aggressive' move causes a stir in Surat's diamond market; 10% price hike at HPH Diamond set to make polished diamonds more expensive.

Business News:विदेशी बाजारों में क्रिसमस के त्योहारों को लेकर लैबग्रोन डायमंड की भारी मांग के बीच चीन की बड़ी उत्पादक कंपनियों ने सूरत के हीरा उद्योग को बड़ा झटका दिया है। चीनी कंपनियों ने लैबोरेटरी में बनने वाले HPHT (हाई प्रेशर हाई टेम्परेचर) रफ डायमंड के दामों में सीधे 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। दिवाली की छुट्टियां खुलते ही चीनी कंपनियों ने साप्ताहिक ‘प्राइस एडजस्टमेंट लेटर’ जारी कर इस मूल्य वृद्धि की सूचना दी है। इस कदम से सूरत और गुजरात के लैबग्रोन मैन्युफैक्चरर्स की लागत बढ़ेगी और आने वाले दिनों में पॉलिश डायमंड के दामों में भी करीब 10 प्रतिशत तक इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है।

चीनी कंपनियों ने ग्राहकों को भेजे पत्र में कच्चे माल की कीमतों और ऊर्जा (एनर्जी) की खपत बढ़ने का हवाला दिया है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले चीनी मुद्रा ‘आरएमबी’ (आरएमबी) के लगातार मजबूत होने से कंपनियों पर परिचालन दबाव बढ़ा है। चालू वर्ष के दौरान यह चौथी बार भाव बढ़ाया गया है, जिसके चलते अब आयात होने वाली नई रफ 10 प्रतिशत महंगी पड़ेगी।

हीरा उद्योगपति और इंडियन डायमंड इंस्टीट्यूट के चेयरमैन दिनेश नावड़िया ने बताया कि भारत में चीन से हर महीने करीब 37 लाख कैरेट HPHT रफ डायमंड आयात होता है। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी 40 से 70 प्रतिशत तक भाव बढ़े थे लेकिन तब बाजार में लगातार मांग और पॉलिश हीरों के अच्छे दाम मिलने से बड़ी दिक्कत नहीं आई थी। वहीं, हीरा कारोबारी निलेश भीकड़िया के अनुसार क्रिसमस के त्योहार में चीन की मोटी और पतली रफ से बने हीरों की बिक्री तेजी से होने के कारण सूरत के व्यापारी रफ पाने के लिए वेटिंग में भी हैं।

दिनेश नावड़िया ने चिंता जताते हुए कहा कि दिवाली के बाद का बाजार यदि पिछले साल जैसा बना रहा और पॉलिश हीरों के दाम अच्छे मिले तो 10 प्रतिशत की यह बढ़ोतरी सहन की जा सकती है लेकिन बाजार सुस्त पड़ने और पॉलिश के दाम घटने पर इसका सीधा असर छोटे कारखानों, खासकर ग्रामीण (रूरल) क्षेत्रों में काम कर रही मैन्युफैक्चरिंग यूनिटों पर पड़ेगा। उनके मुताबिक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर पूरे गुजरात में करीब 10 से 15 हजार छोटे-बड़े कारखाने नेचुरल और लैबग्रोन डायमंड के निर्माण में लगे हैं, जिनसे प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से लगभग 15 से 20 लाख रत्न कलाकारों की रोजी-रोटी जुड़ी है और बाजार के उतार-चढ़ाव का सीधा असर उन पर पड़ सकता है।

Read Also-New Delhi News: ‘रहस्य वेद’ 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करके देश का पहला एआई ज्योतिषी बना

Related Articles

Back to top button