Meerut Murder Case: ‘पहले नींद की गोलियां दीं, फिर सांप से कटवा कर हत्या’, ऐसे हुआ खुलासा – पत्नी, प्रेमी सहित 4 अरेस्ट

Meerut Murder Case: मेरठ मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा। पुलिस के अनुसार स्कूल संचालक को पहले नींद की गोलियां दी गईं, फिर करैत सांप से कटवाकर हत्या की गई। पत्नी, कथित प्रेमी और दो सपेरे गिरफ्तार, बीमा और अफेयर एंगल की जांच।

Meerut Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पहले सांप के काटने से हुई मौत समझा जा रहा मामला अब एक सुनियोजित हत्या के रूप में सामने आया है। पुलिस के अनुसार, स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार को पहले नींद की गोलियां मिला दूध पिलाया गया और फिर सोते समय जहरीले करैत सांप से कटवाकर उनकी हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और दो सपेरों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अतुल कुमार पंवार का शव शुक्रवार सुबह हस्तिनापुर की जे-ब्लॉक कॉलोनी स्थित किराये के मकान में मिला था। शुरुआती जांच में हाथ और पैर पर सांप के काटने के निशान मिलने के कारण इसे सामान्य सर्पदंश का मामला माना गया। घर में मिला सांप भी स्थानीय लोगों ने मार दिया था।

हालांकि, मृतक के पिता अजब सिंह ने बहू पर हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

पत्नी और बस ड्राइवर पर हत्या की साजिश का आरोप

पुलिस जांच के मुताबिक, अतुल की पत्नी दामिनी*और स्कूल में बस ड्राइवर के रूप में कार्यरत तुषार के बीच कथित प्रेम संबंध थे। दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची।

आरोप है कि तुषार ने हस्तिनापुर के दो सपेरों सोनू और उदय कुमार की मदद से जहरीला करैत सांप मंगवाया। इसके बाद अतुल को नींद की गोलियां मिला दूध पिलाया गया और बेहोशी की हालत में सांप से कटवाया गया।

20 लाख की बीमा राशि भी जांच के दायरे में

पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि अतुल के नाम पर करीब 20 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी थी। आरोप है कि हत्या के बाद बीमा की रकम हासिल करने की योजना बनाई गई थी। पुलिस का दावा है कि साजिश में शामिल दोनों सपेरों को बीमा राशि में से 5 लाख रुपये देने का वादा किया गया था।

पहले भी की गई थी हत्या की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया है कि यह अतुल की हत्या का पहला प्रयास नहीं था। पुलिस के अनुसार, घटना से करीब 20 दिन पहले कार से टक्कर मारकर उनकी हत्या करने की कोशिश की गई थी, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई।

चारों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) अविनाश पांडे ने बताया कि मामले में दामिनी, तुषार, सोनू और उदय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, कथित प्रेम संबंध, बीमा पॉलिसी और अन्य संभावित साजिश के पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button