आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में भीषण हादसा, छह महिलाओं की मौत, दौ घायल

अनंतपुर। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर के पमिडी गांव में तहसीलदार कार्यालय के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर शुक्रवार को एक लॉरी और ऑटो रिक्शा में टक्कर में छह महिलाओं की मौत हो गयी और 02 गंभीर रूप से घायल हो गयीं। ऑटो में 13 खेतिहर मजदूर सवार थे, जो कपास की फसल काटने के लिये जा रहे थे।

इस भीषण सड़क हादसे में शंकराम्मा (36), नागावेनी (32), चित्तेम्मा (35) , सब्बम्मा (45) ,सवित्रा (40) और चौहदामा (33)की मौत हो गयी। हादसे में पांच महिलाओं की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी और एक अन्य महिला की मौत अस्तपताल ले जाते समय हो गयी। सभी मृतक गरलाडिन्ने मंडल के कोप्पलकोंडा गांव के रहने वाले थे। इस हादसे में घायल दो महिलाओं की हालत बेहद गंभीर बतायी जा रही है। तड़ीपत्री के पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि ऑटोरिक्शा सड़क पर गलत साइड से आ रहा था और इसी वजह से वह लारी से टकरा गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिये सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। आंध्रप्रदेश के राज्यपाल बिस्व भूषण हरिचंदन ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने डॉक्टरों को सभी घायलोें का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सरकार से मृतकों के परिजनों को सहायता देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button