जन्मदिन: परिवर्तन की क्रांति लाएगा सपा कार्यकर्ताओं का जोश-मुलायम सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री और देश के रक्षामंत्री रहे समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को जन्मदिन है। मुलायम सिंह का यह 83वां जन्मदिन है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में लखनऊ स्थित सपा प्रदेश कार्यालय में मुलायम सिंह का जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर मुलायम ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जन्मदिन मनाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नौजवानों में जोश और उत्साह दिखाई दे रहा है। यह जोश परिवर्तन की क्रांति लाएगा।

समाजवादी पार्टी परिवर्तन की राजनीति कर रही हैसपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग परिवर्तन की राजनीति को कामयाब बनाएं। हम जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि इसी तरह से सभी गरीबों का जन्मदिन मनाया जाए। आप लोग इतनी बड़ी संख्या में जन्मदिन मनाने आए हैं, आप लोगों का स्वागत है। बहुत-बहुत धन्यवाद और सबको बधाई। जन्मदिन के मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने पिता व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का हाथ पकड़ कर केक कटवाया। इस अवसर पर पार्टी के प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव समेत तमाम बड़े नेता मौजूद थे। अखिलेश यादव और प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने शाल ओढ़ाकर मुलायम सिंह यादव को सम्मानित कर जन्मदिन की बधाई दी। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सपा संरक्षक को पुष्पगुच्छ, बुके व उपहार देकर जन्मदिन की बधाई दी। इस अवसर पर 83 किलो लड्डू भी बांटे गए।

Related Articles

Back to top button