अभी दो दिन और रहेगी ठिठुरन, बूंदाबांदी के भी आसार

लखनऊ । सिहरन पैदा करती ठंड के बीच सावन जैसी रिमझिम पूरे उत्तर प्रदेश में रविवार को भी जारी रही। बूंदाबांदी के साथ ही दिनभर धुंध छाई रही। हवा ने ठिठुरन भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 25 जनवरी तक तेज हवा और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के साथ कोल्ड डे कंडीशन यानी अधिक ठंडे दिन की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं इस बारिश का खेती-किसानी पर मौसम का मिला जुला असर दिख रहा है। आलू, मटर, दलहनी व तिलहनी फसलों के साथ सब्जियों को नुकसान के आसार हैं। वहीं, गेहूं व जौ आदि फसलों को बारिश से लाभ हो सकता है।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा हो सकता है। साथ ही अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के मध्य रह सकता है। बारिश की वजह से प्रदेशभर के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। बरेली में सबसे ज्यादा 25.1 मिलीमीटर बारिश : रविवार को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई। बरेली में 25.1 मिलीमीटर, नजीबाबाद में 12.0 मिलीमीटर, मुजफ्फरनगर में 10.8 मिलीमीटर और लखीमपुर खीरी में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है। रविवार को सबसे कम तापमान मुजफ्फरनगर में 6.0 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान प्रयागराज में 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button