रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में परिवार के साथ किया मतदान

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए नौ जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शुरू हो गया है। पोलिंग पार्टियों ने मतदान प्रक्रिया को प्रारंभ करने के लिए पहले माक पोलिंग से ईवीएम को परखा। चौथे चरण में चार मंत्रियों सहित 624 प्रत्याशी मैदान में हैं। 2017 में नौ जिलों की 59 सीटों में से 51 भाजपा गठबंधन के पास थीं। चार पर समाजवादी पार्टी तथा दो-दो पर बसपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। लखनऊ से भारतीय जनता पार्टी के सांसद तथा देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को लखनऊ में मतदान किया। राजनाथ सिंह ने अपनी पत्नी, बेटे नीरज तथा पुत्रवधू के साथ गोमती नगर के विपुल खंड के मतदान केन्द्र में जाकर अपने अधिकार का प्रयोग किया।

राजनाथ सिंह ने मतदान के बाद कहा कि उत्तर प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान हो रहा है।लखनऊ समेत इस चरण की कुल 59 सीटों पर सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना मताधिकार का प्रयोग करें और नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें। पहली बार वोट कर रहे मतदाताओं से विशेष आग्रह है कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने आगे आयें। राजनाथ सिंह ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जितनी सीटों पर कामयाबी हासिल हुई थी, लगभग उतनी ही सीटों पर हमें इस बार भी कामयाबी हासिल होगी। हमारी सरकार के प्रदर्शन के आधार पर लोग इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि सचमुच प्रदेश में सुशासन और विकास की सरकार देने वाली पार्टी भाजपा है उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान में सुबह से ही लोगों के केन्द्रों पर पहुंचने के बीच दो घंटे में 9.10 प्रतिशत मतदान हो गया है। नौ जिलों की 59 विधानसभा सीट पर हो रहे मतदान के दौरान पीलीभीत के मतदाता सात से नौ बजे के बीच काफी चुस्त रहे। सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में इस दौरान सबसे कम वोट पड़े हैं। पीलभीत में 10.64 प्रतिशत, लखीमपुर खीरी में 10.43, सीतापुर में 9.59, हरदोई में 8.14, उन्नाव में 9.26, लखनऊ में 8.06, रायबरेली में 8.03, बांदा में 8.81 तथा फतेहपुर में 9.69 प्रतिशत मतदान हो गया था।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में चौथे चरण का मतदान जारी है। लखनऊ में लोग सुबह से ही घरों से निकलकर मतदान केन्द्र पहुंच रहे हैं। लखनऊ में बसपा अध्यक्ष मायावती के बाद अन्य नेताओं ने भी अपने घर के निकट के केन्द्र पर जाकर मतदान किया। योगी आदित्यनाथ सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा ने अपनी पत्नी तथा पुत्र के साथ गोमती नगर के विवेक खंड में सेंट जान बास्को स्कूल के मतदान केन्द्र में जाकर वोट डाला। मोहसिन ने कहा कि आज लोकतंत्र के महापर्व में उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ जनता भाजपा के पक्ष में वोट कर रही है क्योंकि आज उत्तर प्रदेश सु​रक्षित हाथों में है। केन्द्र सरकार में मंत्री कौशल किशोर ने मलिहाबाद से भाजपा प्रत्याशी विधायक जया देशी कौशल के साथ मतदान किया। नगर की महापौर संयुक्ता भाटिया ने अपने परिवार के साथ आलमबाग के सिंगार नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मतदान किया।

Related Articles

Back to top button