एक लाख का इनामी दीप सिद्धू पंजाब से गिरफ्तार, इन आरोपों में दर्ज है केस

नई दिल्ली। नए कृषि कानून के विरोध में गणतंत्र दिवस के मौके पर किसान ट्रैक्टर परेड के दौरान  दिल्ली में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड दीप सिंद्धू को  दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। दीप सिद्धू समेत चार लोगों पर पुलिस ने एक-एक लाख रूपए का इनाम रखा था। इन लोगों पर राजधानी दिल्ली के लालकिले पर धार्मिक झंडा फहराने और लोगों को हिंसा के लिए उकसाने जैसे संगीन आरोपों में केस दर्ज है।  बता दें कि दीप सिद्धू 26 जनवरी से फरार था। 

दीप सिद्धू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। 26 जनवरी के बाद से मुख्य आरोपी दीप सिद्धू फरार था। हालांकि दीप के अलावा पूर्व गैंगस्टर लक्खा सिधाना और लाल किले पर झंडा फहराने वाला जुगराज अभी भी लापता हैं। दिल्ली पुलिस ने हिंसा फैलाने वाले करीब 50 लोगों की तस्वीरें भी जारी की हैं।

पुलिस के मुताबिक, दीप सिद्धू वीडियो बनाता जरूर था, लेकिन उसे अपलोड उसकी बेहद करीबी महिला मित्र करती थी। ये महिला मित्र भारत से बाहर विदेश में बैठकर सिद्धू के वीडियो अपलोड करती थी। इसके पीछे सिद्धू की चाल जांच एजेंसियों को भटकाने की थी। यानी दीप सिद्धू एक पेशेवर अपराधी की तरह पुलिस के साथ लुकाछिपी का खेल खेल रहा था।

देशद्रोह और यूएपीए के तहत दर्ज है केस- बता दें कि लाल किला पर धार्मिक झंडा फहराने और दंगा करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने देशद्रोह और यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की जांच दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल कर रही है। राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हिंसा हुई थी। प्रदर्शनकारी लाल किले में भी घुस गए और वहां ध्वज स्तंभ पर धार्मिक झंडा लगा दिया था।

Related Articles

Back to top button