फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर की जाए राम मंदिर के नाम पर हुई भूमि खरीद घोटाले की सुनवाई: संजय सिंह

लखनऊ। डेढ़ साल बाद भी प्रभु राम के मंदिर का निर्माण कार्य गति नहीं पकड़ पाया है, इसकी वजह भाजपा नेताओं की चंदा चोरी है। भाजपा के मेयर ऋषिकेश तिवारी, उनके भतीजे और आरोपों में घिरे ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खाते की जांच करा ली जाए तो यह साबित हो जाएगा। मेरी योगी सरकार से मांग है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर राम मंदिर के नाम पर हुई भूमि खरीद में धांधली की सुनवाई हो और चंदा चोरों को जेल भेजा जाए। शनिवार को ये बातें आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं।

संजय सिंह ने दो करोड़ की जमीन 18.50 करोड़ में खरीदने के मामले में 6 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर अफसोस जताया। कहा कि इससे साबित हो रहा है कि सरकार चंदा चोरों को बचाना चाह रही है। भाजपा नेता ही चंदा चोरी में शामिल हैं तो भाजपा सरकार आखिर कार्रवाई कैसे करे। संजय सिंह ने प्रकरण में नए प्रमाण मीडिया के आगे रखे। दस्तावेजों को दिखाते हुए बताया कि अयोध्या के कोट रामचंदर में 14 लाख 80 हजार के मालियत की जमीन जगदीश प्रसाद  को महंत देवेंद्र प्रसाद से 10 लाख रुपये में मिल जाती है।

भाजपा के मेयर के भतीजे दीप नारायण को इसी एरिया में 35 लाख 60 हजार की जमीन 20 लाख रुपये मिल जाती है और श्री राम जन्म भूमि ट्रस्ट को एक करोड़ 60 लाख की जमीन  04 करोड़ में मिलती है। इस पूरे खेल में भाजपा के मेयर और उनके भतीजे का नाम भी सामने आ रहा है। इनके साथ ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खातों की जांच करा ली जाए तो चंदा चोरी का पूरा खेल उजागर हो जाएगा।

राज्यसभा सांसद ने मंदिर निर्माण की सुस्त गति के पीछे भाजपा नेताओं सहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों को चंदा चोरी को दोषी ठहराया। कहा कि मंदिर निर्माण की सुस्त रफ्तार का कारण भाजपा नेताओं की चंदा चोरी है, यह अब पूरा देश जान चुका है। उन्होंने कहा कि आज अगर प्रभु श्री राम का मंदिर समय से नही बन पा रहा है तो उसका सबसे बड़ा कारण ट्रस्ट और भाजपा का चंदा चोरी है। आम आदमी पार्टी मांग करती है के प्रभु श्री राम का मंदिर जल्द और भव्य बनना चाहिए।

भाजपा और विहिप के लोगो ने मिलकर प्रभु श्री राम जी के मंदिर निर्माण में चंदा चोरी करके करोड़ो हिन्दुओ की आस्था को चोट पहुंचाई है, भाजपा को करोड़ो राम भक्तो से माफी मांगनी चाहिए, इन चंदा चोरो को तुरंत जेल में डालना चाहिए। जमीन खरीद का मामला उठाने के बाद भाजपा नेताओं ने मुझ पर राजनीति करने का आरोप लगाया। अब रामलला के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास, रामलला के पैरोकार रहे महंत धर्मदास, हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती भी मामले की ईडी और सीबीआई से जांच कराने की मांग कर चुके हैं। भाजपा बताए क्या धर्मगुरु भी राजनीति कर रहे हैं। संजय सिंह ने धर्म गुरुओं के बयान पत्रकारों के आगे पेश किए।

Related Articles

Back to top button