Abhishek-Banerjee-अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवासों की वैधता की जांच तेज, पिता अमित बनर्जी ने वकील के जरिए जमा कराए दस्तावेज
Probe into the legality of Abhishek Banerjee's Kalighat residences intensifies; his father, Amit Banerjee, has submitted documents through a lawyer.
Abhishek-Banerjee-कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवासों के निर्माण की वैधता की जांच तेज कर दी है। निगम यह जांच कर रहा है कि भवनों का निर्माण स्वीकृत नक्शे और भवन निर्माण नियमों के अनुरूप किया गया है या नहीं।
इसी सिलसिले में निगम ने अभिषेक बनर्जी के पिता अमित बनर्जी को आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया था। शुक्रवार को अमित बनर्जी स्वयं निगम कार्यालय नहीं पहुंचे। उनकी ओर से अधिवक्ता ने उपस्थित होकर भवन निर्माण से संबंधित दस्तावेज नगर निगम के समक्ष जमा कराए।
नगर निगम ने कालीघाट स्थित दो आवासों से संबंधित स्वीकृत भवन योजना, निर्माण अभिलेख तथा यह विवरण मांगा है कि कहीं स्वीकृत नक्शे से हटकर कोई अतिरिक्त निर्माण तो नहीं किया गया। इसके लिए अमित बनर्जी को अलीपुर स्थित केएमसी के बोरो-9 भवन विभाग में तलब किया गया था।
गौरतलब है कि जून में कोलकाता नगर निगम ने अभिषेक बनर्जी से जुड़े कई पतों पर नोटिस जारी किए थे। इसके बाद अमित बनर्जी और उनकी पत्नी लता बनर्जी ने नोटिस को चुनौती देते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। याचिका में दावा किया गया है कि कालीघाट स्थित दोनों मकानों का निर्माण पूरी तरह वैध तरीके से किया गया है और नगर निगम का नोटिस निरस्त किए जाने की मांग की गई है।
इस बीच अभिषेक बनर्जी से संबद्ध संस्था ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ की संपत्तियां भी नगर निगम की जांच के दायरे में हैं। निगम ने संस्था को भी नोटिस जारी कर भवन निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज और स्वीकृत भवन योजना प्रस्तुत करने को कहा है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की समीक्षा के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



