गंगा किनारे मिले शव, भड़के राहुल गांधी, कहा- इसकी ज़िम्मेदारी सामूहिक नहीं, सिर्फ केंद्र सरकार की है
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोरोना काल में केंद्र की मोदी सरकार पर लगातार हमले बोल रहे हैं. अब उन्होंने गंगा में बहती लाशों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश-दुनिया फ़ोटो देखकर दुखी है, लेकिन जिन्होंने मजबूरी में मृत प्रियजनों को गंगा किनारे छोड़ दिया, उनका दर्द भी समझना होगा, ग़लती उनकी नहीं. राहुल ने कहा कि इसकी ज़िम्मेदारी सामूहिक नहीं, सिर्फ़ केंद्र सरकार की है.
अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने लिखा, “मुझे शवों के फ़ोटो साझा करना अच्छा नहीं लगता। देश-दुनिया फ़ोटो देखकर दुखी है लेकिन जिन्होंने मजबूरी में मृत प्रियजनों को गंगा किनारे छोड़ दिया, उनका दर्द भी समझना होगा- ग़लती उनकी नहीं है. इसकी ज़िम्मेदारी सामूहिक नहीं, सिर्फ़ केंद्र सरकार की है!”
इससे पहले बीते रोज़ राहुल गांधी ने देश में ब्लैक फंगस के बढ़ रहे मामलों को लेकर सरकार पर निशाना साधा था और आरोप लगाया कि ‘मोदी सिस्टम के कुशासन’ के कारण कोरोना महामारी के साथ यह बीमारी आई है. उन्होंने ट्वीट किया था, ‘‘मोदी सिस्टम के कुशासन के चलते सिर्फ़ भारत में कोरोना के साथ-साथ ब्लैक फ़ंगस महामारी है. टीके की कमी तो है ही, इस नयी महामारी की दवा की भी भारी कमी है.’’


