UP News-कैंट जीआरपी ने 12 जीवित कछुओं के साथ वन्यजीव तस्कर को दबोचा
UP News: Cantt GRP nabs wildlife smuggler with 12 live turtles.
UP News- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद की कैंट जीआरपी ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवपुर रेलवे स्टेशन पर कुंभा एक्सप्रेस से 12 जीवित कछुओं के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी छह बैगों में कछुओं को ठूंस-ठूंसकर भरकर हावड़ा ले जा रहा था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बरामद कछुओं की कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
कैंट जीआरपी प्रभारी राजोल नागर ने बताया कि मिली सूचना के आधार पर देहरादून से हावड़ा जा रही कुंभा एक्सप्रेस की एस-1 बोगी में शनिवार को छापेमारी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसके पास मौजूद छह बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी में बैगों से 12 जीवित कछुए बरामद होने पर उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुल्तानपुर जनपद के जगदीशपुर निवासी रानू कंजड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कछुओं को गोमती नदी से पकड़ा गया था और वह उन्हें निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर हावड़ा ले जा रहा था, जहां उनकी आपूर्ति की जानी थी। जीआरपी आरोपी से तस्करी के पूरे नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कछुओं की खेप किन लोगों के माध्यम से तैयार की गई थी और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी का संबंध किन राज्यों या शहरों से है।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि बरामद कछुओं की प्रजाति की पहचान और उनकी वास्तविक कीमत के आकलन के लिए वन विभाग से संपर्क किया गया है। वन विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कछुओं की तस्करी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर और दंडनीय अपराध है। कछुए जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनकी अवैध तस्करी से जैव विविधता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है। ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जाती है।



