Mau Religious News: शिव महापुराण कहानियों का संग्रह नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और नैतिक चिंतन का विषय: साध्वी पूजा शास्त्री
मऊ के हनुमान नगर में आयोजित शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, एक लोटा जल से भोलेनाथ को प्रसन्न करने का बताया सरल मार्ग
Mau Religious News: जनपद के हनुमान नगर, भीटी स्थित हनुमान मंदिर के समीप आयोजित अधिमास महोत्सव के अंतर्गत चल रही संगीतमय शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कथा व्यास साध्वी पूजा शास्त्री ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिव महापुराण केवल कथाओं का संग्रह नहीं, बल्कि गहन आध्यात्मिक और नैतिक चिंतन का ग्रंथ है, जो मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा प्रदान करता है।
साध्वी पूजा शास्त्री ने अपने प्रवचन में कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य अनेक प्रकार की समस्याओं और मानसिक तनावों से घिरा हुआ है। ऐसे में भगवान भोलेनाथ की निष्काम भाव से की गई आराधना जीवन में शांति, संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपने अहंकार का त्याग कर भगवान शिव की शरण में जाता है, तब उसके जीवन की कठिनाइयों का समाधान स्वतः होने लगता है।
एक लोटा जल से प्रसन्न हो जाते हैं भगवान शिव
कथा के दौरान साध्वी जी ने शिवलिंग स्थापना के महत्व और भगवान शिव की सरल भक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं। श्रद्धा और विश्वास के साथ अर्पित किया गया एक लोटा जल भी उन्हें प्रसन्न करने के लिए पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण का नियमित श्रवण मनुष्य के भीतर सदाचार, करुणा, सेवा और धर्म के प्रति जागरूकता पैदा करता है।
महिलाओं की रही विशेष भागीदारी
कथा के दूसरे दिन पंडाल में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे, जिनमें महिलाओं की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। महिलाएं भक्ति रस में डूबी हुई भगवान शिव के भजनों और कथा का आनंद लेती नजर आईं। पूरे परिसर में “हर-हर महादेव” और शिव भक्ति के जयघोष गूंजते रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शुभारंभ
दूसरे दिन की कथा का शुभारंभ कथा संयोजक अवध बिहारी पांडेय द्वारा आचार्य संतोष शास्त्री के सानिध्य में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर किया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण विकास परिषद, मऊ के अध्यक्ष ऋषिकेश पांडेय, राम अवध सिंह, आशीष गुप्ता उर्फ पल्लू, संजय राय तथा नित्यानंद सिंह सहित हजारों श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कथा के समापन पर भगवान शिव की भव्य आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजकों के अनुसार अधिमास महोत्सव के अंतर्गत शिव महापुराण कथा का क्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।



